वाराणसीः युवती पर छींटाकशी के आरोप में युवक की रॉड-डंडे से पिटाई, कुछ घंटों बाद मौत
वाराणसी: सारनाथ थाना क्षेत्र में युवती पर छींटाकशी के आरोप में युवक की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। गुरुवार को हुई इस घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की कुछ घंटों बाद मौत हो गई। मामले में पुलिस ने युवती समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान सिंहपुर रिंग रोड स्थित डनडन बाबा कुटिया के पास रहने वाले मनोज पटेल (40 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनोज की इलाके में मोटर वर्कशॉप है। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे वह श्रीनगर बाजार गोला की ओर जा रहा था। इसी दौरान उस पर एक युवती के साथ छींटाकशी करने का आरोप लगा।
जानकारी के मुताबिक युवती ने घटना की सूचना अपने परिजनों को दी। करीब डेढ़ घंटे बाद जब मनोज नशे की हालत में वापस लौट रहा था, तभी युवती और उसके स्वजन ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद रॉड और डंडों से उसकी जमकर पिटाई की गई, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिटाई के बाद कुछ देर तक मनोज वहीं पड़ा रहा। बाद में वह किसी तरह उठकर अपने घर पहुंचा और सो गया। इसी बीच युवती और उसकी मां भी शिकायत लेकर मनोज के घर पहुंचीं। मृतक के बड़े भाई संतोष पटेल ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। दोपहर करीब तीन बजे जब मनोज की पत्नी उसे जगाने पहुंची तो वह मृत अवस्था में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना पर सहायक पुलिस आयुक्त विदुष सक्सेना और सारनाथ थाना के थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
मृतक के बड़े भाई संतोष पटेल की तहरीर पर पुलिस ने प्रिंस पटेल और युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी प्रिंस पटेल मूल रूप से इन्द्रपुर शिवपुर का रहने वाला है। उसकी मां ममता पटेल की वर्ष 2017 में मौत हो चुकी है। वह पिछले एक वर्ष से अपने ननिहाल सिंहपुर में रहकर स्नातक प्रथम वर्ष की पढ़ाई के साथ घर का काम भी करता था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत सिर में गंभीर चोट लगने से होने की आशंका जताई जा रही है।
