Movie prime

वाराणसी: अश्लील फोटो-वीडियो से ब्लैकमेल कर वर्षों तक करता रहा शोषण, पति को भी भेजे गंदे मैसेज
 

 
 वाराणसी: अश्लील फोटो-वीडियो से ब्लैकमेल कर वर्षों तक करता रहा शोषण, पति को भी भेजे गंदे मैसेज
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव में ब्लैकमेलिंग, शारीरिक शोषण और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने पड़ोसी युवक पर झूठे प्रेमजाल में फंसाकर वर्षों तक शारीरिक शोषण करने और अश्लील फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2014 में हुई थी और उसके दो बेटे हैं। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला रितेश पाल उसे प्रेम के झांसे में लेकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। इसी दौरान आरोपी ने धोखे से उसके अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए।

महिला का पति रोजगार के सिलसिले में गुजरात के सूरत में रहता है। पीड़िता जब बच्चों के साथ वहां रहने गई, तो आरोपी भी सूरत पहुंच गया। आरोप है कि वह फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने तथा बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर वहां भी महिला का शारीरिक शोषण करता रहा। सामाजिक बदनामी और परिवार की सुरक्षा के डर से महिला लंबे समय तक चुप रही।

हाल ही में गांव लौटने के बाद आरोपी के फोन कॉल और बढ़ गए। परेशान होकर पीड़िता ने पूरी आपबीती अपने पति को बता दी। इसके बाद डर के कारण वह मायके चली गई। आरोप है कि आरोपी ने अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के मोबाइल नंबरों से महिला के पति को आपत्तिजनक और अश्लील संदेश भेजने शुरू कर दिए।

पीड़िता का कहना है कि आरोपी उसके माता-पिता को भी फोन कर गाली-गलौज कर रहा है, जिससे पूरा परिवार दहशत में है और वह मानसिक रूप से बुरी तरह टूट चुकी है।

न्याय की आस में पीड़िता ने एसीपी राजातालाब से शिकायत की। प्रार्थना पत्र और मोबाइल संदेशों के स्क्रीनशॉट के आधार पर मिर्जामुराद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।