वाराणसी: ऑटो चालक की गला रेतकर हत्या के आरोपी ने पुलिस कस्टडी में छीनी पिस्टल, फायरिंग के बाद मुठभेड़ में घायल
वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र के सुंदरपुर-नेवादा मार्ग पर मधुबन लॉन के पास सोमवार रात एक ऑटो चालक की निर्मम हत्या के मामले में मुख्य आरोपी विष्णु यादव ने पुलिस कस्टडी में सनसनीखेज हरकत की। आरोपी ने देर रात एसआई की पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसका बायां पैर घायल हो गया।
पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया और घायल अवस्था में उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद उसे सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
हत्या की वजह क्या थी?
डीसीपी क्राइम सरवणन टी. के अनुसार, आरोपी विष्णु यादव ने पूछताछ में बताया कि पीड़ित ऑटो चालक महेश यादव (निवासी अशोक विहार कॉलोनी, पहड़िया) सोमवार रात सुंदरपुर के पास सवारी का इंतजार कर रहा था। वह मंडुवाडीह जाना चाहता था, लेकिन आरोपी ने उसे लंका जाने के लिए दबाव बनाया। महेश के इन्कार करने पर गुस्से में आकर विष्णु ने पेपर कटिंग ब्लेड से उसका गला रेत दिया, जिससे मौके पर ही महेश की मौत हो गई।
परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाला था महेश
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि महेश यादव खुद की ऑटो से परिवार की जीविका चलाता था। उसकी पत्नी और तीन छोटे बच्चों की पूरी जिम्मेदारी उस पर थी। हत्या के बाद महेश के भाई अभिषेक ने शव की शिनाख्त की।
आरोपी की साइको जैसी हरकतें, परिजन भी बनाए दूर
एसीपी भेलूपुर के मुताबिक, विष्णु यादव की हरकतें इतनी खतरनाक थीं कि उसके परिजन भी उससे दूरी बना चुके थे। उसने अपनी छोटी अविवाहित बहन की पिटाई कर घर से भगा दिया था। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि वह आसपास के लोगों से मारपीट करता था और हर कोई उससे त्रस्त था। स्थानीय लोग मानते थे कि वह एक न एक दिन बड़ी वारदात कर सकता है। भागने के दौरान भी उसने स्थानीय लोगों पर हमले की कोशिश की।
