Movie prime

वाराणसी: प्रेमिका के घर के बाहर युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

वाराणसी के मंडुआडीह थाना क्षेत्र के जागृति नगर में एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसे युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटना का वीडियो कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है।
 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: मंडुआडीह थाना क्षेत्र के जागृति नगर कॉलोनी में सोमवार दोपहर एक युवक द्वारा खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। गंभीर रूप से झुलसे युवक को पुलिस ने तत्काल मंडलीय अस्पताल, कबीरचौरा में भर्ती कराया, जहां उसका इछलाज जारी है। पुलिस ने घटना का वीडियो कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

युवती के घर के बाहर पहुंचकर उठाया कदम

पुलिस के अनुसार, जागृति नगर निवासी इंद्रजीत साहनी पड़ोस में रहने वाली एक युवती से एकतरफा लगाव रखता था। युवक का दावा है कि दोनों के बीच लंबे समय से संबंध थे और हाल में किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद वह युवती से अपने दिए हुए मोबाइल, कपड़े और रुपये वापस मांग रहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई।

वीडियो में कैद हुई पूरी घटना

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस को मिले वीडियो के अनुसार, युवक ने युवती के घर के बाहर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़का और फिर स्वयं आग लगा ली। आग लगने के बाद वह घर के अंदर चला गया और इधर-उधर भागने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल आग बुझाकर उसे बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

सूचना मिलने पर मंडुवाडीह पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से झुलसे युवक को मंडलीय अस्पताल, कबीरचौरा भेजा। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।

वीडियो कब्जे में, जांच जारी

कस्बा चौकी प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया गया है। घटना से जुड़ा वीडियो पुलिस के कब्जे में है। प्रारंभिक जांच में वीडियो में युवक स्वयं अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।