वाराणसी : ITI करौंदी में 14 जुलाई को लगेगा मेगा रोजगार मेला, 20 से अधिक कंपनियां देंगी 1500 नौकरियां
विश्व युवा कौशल दिवस (15 जुलाई) के अवसर पर वाराणसी के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, वाराणसी की ओर से 14 जुलाई 2026 को राजकीय आईटीआई करौंदी परिसर स्थित स्किल इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में एक दिवसीय नि:शुल्क रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
रोजगार मेले में 20 से अधिक राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियां हिस्सा लेंगी और विभिन्न क्षेत्रों में करीब 1500 रिक्त पदों पर भर्ती करेंगी। इस मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन तथा राजकीय आईटीआई से प्रशिक्षित अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे।
इसके अलावा सेवायोजन विभाग में पंजीकृत अभ्यर्थी, उत्तर प्रदेश सरकार की जीरो पॉवर्टी योजना के तहत चिन्हित परिवारों के सदस्य, दिव्यांगजन तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) से जुड़े परिवारों के सदस्य भी रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन की सुविधा उपलब्ध होगी। इच्छुक उम्मीदवार क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं या सीधे आयोजन स्थल पर पहुंचकर भी आवेदन कर सकते हैं।
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे अपने साथ बायोडाटा, पासपोर्ट आकार के दो फोटो, आधार कार्ड तथा सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की दो-दो प्रतियां अवश्य लेकर आएं, ताकि चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
