Movie prime

Varanasi : वादा पूरा करने पहुंचे मंत्री अनिल राजभर, तेंदुआ हमले के पीड़ितों को दी 1-1 लाख की सहायता राशि

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now
वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार की संवेदनशीलता एक बार फिर देखने को मिली, जब श्रम एवं सेवायोजन समन्वय मंत्री अनिल राजभर रविवार को चौबेपुर क्षेत्र के नवापुरा बस्ती पहुंचे। यहां उन्होंने पिछले वर्ष तेंदुए के हमले में घायल हुए ग्रामीणों से मुलाकात की और उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की।

पीड़ितों को मिली 1-1 लाख की सहायता

मंत्री अनिल राजभर ने पीड़ितों के घर पहुंचकर उनका हालचाल जाना और प्रत्येक को एक-एक लाख रुपये की अनुग्रह राशि का चेक सौंपा। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार किसी भी पीड़ित को अकेला नहीं छोड़ती और हर परिस्थिति में मदद के लिए तत्पर रहती है।

..

पिछले साल हुआ था तेंदुए का हमला

गौरतलब है कि मई 2025 में चौबेपुर थाना क्षेत्र के नवापुरा बस्ती में अचानक तेंदुए के आने से दहशत फैल गई थी। इस दौरान तेंदुए ने तीन ग्रामीणों—सुनील, जयदेव और प्रदीप मौर्य—पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया था और लोग घरों से निकलने में भी डरने लगे थे।

इलाज से लेकर मदद तक सक्रिय रही सरकार

हमले के तुरंत बाद वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी और तेंदुए को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया था। वहीं, मंत्री अनिल राजभर ने उस समय घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था कराई थी और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। उन्होंने पीड़ितों को आर्थिक सहायता दिलाने का वादा भी किया था, जिसे अब पूरा किया गया है।

“सरकार हर स्तर पर मदद के लिए तैयार”

मंत्री ने कहा कि जनता की सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकता है और इसमें कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

सहायता राशि मिलने के बाद पीड़ितों और उनके परिजनों ने सरकार और मंत्री का आभार जताया।

स्थानीय लोगों की मौजूदगी

इस दौरान मंत्री प्रतिनिधि संजय सिंह, प्रवीण सिंह, कमलेश मौर्य, प्रकाश राजभर, शशांक श्रीवास्तव, रवि श्रीवास्तव, देवमनी तिवारी सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।