Movie prime

वाराणसी: स्कूल जाती नाबालिग छात्रा का अपहरण, पड़ोसियों पर आरोप, पुलिस जांच में जुटी
 

 
वाराणसी: स्कूल जाती नाबालिग छात्रा का अपहरण, पड़ोसियों पर आरोप, पुलिस जांच में जुटी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी I वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां स्कूल जा रही एक नाबालिग छात्रा का कथित रूप से अपहरण कर लिया गया। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगाई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका गांव के ही कुछ लोगों—जितेंद्र कुमार, पतिराज, मुन्नीलाल और सीता देवी—से लंबे समय से विवाद चल रहा है। आरोप है कि विपक्षी पक्ष पहले से ही उन्हें जान से मारने और बेटी को “उठवा लेने” की धमकियां दे रहे थे।

पीड़ित के अनुसार, घटना बीते बुधवार सुबह करीब 8 बजे की है, जब उनकी नाबालिग पुत्री विद्यालय जा रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने रास्ते से उसका अपहरण कर लिया। जब पिता ने आरोपियों से इस संबंध में पूछताछ की, तो उन्होंने कथित रूप से धमकी भरे लहजे में जवाब दिया कि “हमें जो करना था, हमने कर दिया, अब तुम जो करना है कर लो।”

बेटी के अचानक लापता होने और आरोपियों की धमकी से परिवार दहशत में है और लगातार न्याय की मांग कर रहा है।

इस मामले में थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर पर रविवार देर रात मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम गठित कर दी गई है और किशोरी की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही किशोरी को सकुशल बरामद कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।