वाराणसी: मिंट हाउस में चल रहा था जुए का अड्डा, 3 जुआरी धराए, 42 गाड़ियां सीज
वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र स्थित मिंट हाउस में चल रहे लाखों रुपये के जुए के अड्डे पर डीसीपी ने देर रात छापेमारी की। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को पकड़ा, जबकि 32 बाइक, चार कार, ताश की गड्डियां, कैश काउंटिंग मशीन और अन्य सामान बरामद किया।
वाराणसी: कैंट थाना क्षेत्र स्थित नदेसर के मिंट हाउस इलाके में सोमवार देर रात पुलिस ने लाखों रुपये के जुए के अड्डे पर बड़ी कार्रवाई की। डीसीपी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भारी फोर्स के साथ छापेमारी कर मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया। हालांकि मौके से 32 बाइक और चार कार मिलने के बाद पुलिस का मानना है कि कार्रवाई से पहले बड़ी संख्या में जुआरी वहां से भाग निकले।
डीसीपी ने खुद की छापेमारी की अगुवाई
जुए के अड्डे की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद डीसीपी प्रमोद कुमार ने एडीसीपी लिपि नागायच, एसीपी कैंट अपूर्व पांडेय और पुलिस बल के साथ देर रात मिंट हाउस इलाके में छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को मौके से केवल तीन लोग मिले, लेकिन वहां खड़े वाहनों की संख्या ने अधिकारियों को चौंका दिया।
42 बाइक और 4 कारों से खुला बड़े जुए के अड्डे का राज
छापेमारी के दौरान पुलिस ने42 मोटरसाइकिल और चार चारपहिया वाहन बरामद किए। अधिकारियों का कहना है कि इतने वाहनों से साफ है कि मौके पर 50 से अधिक लोग मौजूद रहे होंगे, जो पुलिस कार्रवाई से पहले फरार हो गए। पुलिस अब बरामद वाहनों के आधार पर फरार लोगों की पहचान करने में जुटी है।
ताश की गड्डियां और कैश काउंटिंग मशीन भी मिली
जुए के अड्डे से पुलिस ने ताश की गड्डियां, कैश काउंटिंग मशीन और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान भी बरामद किया है। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सूचना लीक होने की भी चर्चा
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी रही कि पुलिस टीम के पहुंचने से पहले किसी ने जुआरियों को कार्रवाई की सूचना दे दी थी। इसी वजह से अधिकांश लोग मौके से भागने में सफल रहे। हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
पूरे गिरोह पर होगी कार्रवाई
डीसीपी प्रमोद कुमार ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के आधार पर जुए का अड्डा संचालित करने वाले पूरे गिरोह की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
