Movie prime

इंस्टाग्राम से दोस्ती, फिर होटल में नशीला पदार्थ पिलाकर किशोरी से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार 

मिर्जामुराद में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी करन भारती को हरपुर अंडरपास से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने सोशल मीडिया के माध्यम से किशोरी से पहचान बनाई थी। पुलिस ने घटना से जुड़े होटल ड्रीम लाइट के अवैध संचालन पर भी कार्रवाई करते हुए मालिक और मैनेजर पर केस दर्ज किया।

 
मिर्जामुराद वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: मिर्जामुराद क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी करन भारती को हरपुर अंडरपास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी 11 नवंबर से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे पाक्सो और दुष्कर्म की गंभीर धाराओं में जेल भेज दिया है।  

थानाप्रभारी प्रमोद पांडेय ने बताया कि करन भारती, जो डांस का काम करता है, ने इंस्टाग्राम के जरिए एक साल पहले किशोरी से दोस्ती की थी। सोशल मीडिया के माध्यम से शुरू हुई यह दोस्ती धीरे-धीरे नजदीकियों में बदल गई। आरोप है कि करन अक्टूबर में धम्म दीक्षा के बहाने किशोरी को सारनाथ घुमाने भी ले गया था, जिससे वह उस पर भरोसा करने लगी।

इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए करन ने 11 नवंबर को धम्म प्रचार के नाम पर किशोरी को भिखारीपुर स्थित होटल ड्रीम लाइट में बुलाया, जहां उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया गया। घटना किसी को बताने पर आरोपी ने नाबालिग को शादी का प्रलोभन देने के साथ ही जान से मारने और वीडियो वायरल करने की धमकी दी थी।

इस मामले ने होटल की सुरक्षा व्यवस्था और उसके संचालन पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। जांच में सामने आया कि होटल ड्रीम लाइट को अवैध तरीके से सराय की तरह संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने होटल मालिक अनिरुद्ध सिंह और मैनेजर राधेश्याम गिरी के खिलाफ भी केस दर्ज किया है। आरोप है कि होटल प्रबंधन धन के बदले कमरों का इस्तेमाल अनैतिक गतिविधियों के लिए होने देता था।

पुलिस अब होटल से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, रजिस्टर और अन्य रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि क्या यहां पहले भी ऐसे अपराध हुए हैं। इस घटना ने स्थानीय क्षेत्र में सुरक्षा और अवैध रूप से चल रहे होटलों पर निगरानी को लेकर चिंता बढ़ा दी है।