Movie prime

सियार के हमले में युवक गंभीर रूप से घायल, सेवापुरी PHC में नहीं मिला इम्यूनोग्लोबुलिन, मंडलीय अस्पताल रेफर

वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र में सियार के हमले में 19 वर्षीय युवक अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गया। सेवापुरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर इम्यूनोग्लोबुलिन उपलब्ध नहीं होने पर उसे मंडलीय चिकित्सालय रेफर किया गया। अस्पताल में एंटी-रेबीज वैक्सीन और इम्यूनोग्लोबुलिन देकर इलाज शुरू किया गया है।
 
सियार
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: मिर्जामुराद क्षेत्र में मंगलवार शाम सियार के हमले में 19 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सियार ने युवक को काटने के साथ शरीर के कई हिस्सों पर नोचकर गहरे घाव कर दिए। परिजन उसे तत्काल सेवापुरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन वहां रेबीज से बचाव के लिए जरूरी इम्यूनोग्लोबुलिन उपलब्ध नहीं था। इसके बाद युवक को मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

मिर्जामुराद निवासी अभिषेक पर अचानक सियार ने हमला कर दिया। हमले में उसके शरीर पर कई जगह गहरे घाव हो गए। घटना के बाद परिजन उसे लेकर सेवापुरी पीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इम्यूनोग्लोबुलिन उपलब्ध नहीं होने के कारण बेहतर इलाज के लिए उसे मंडलीय चिकित्सालय भेज दिया गया।

मंडलीय अस्पताल में शुरू हुआ इलाज

मंडलीय चिकित्सालय पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने अभिषेक का उपचार शुरू किया। उसे एंटी-रेबीज वैक्सीन के साथ इम्यूनोग्लोबुलिन इंजेक्शन भी लगाया गया। चिकित्सक उसकी हालत पर लगातार नजर रख रहे हैं।

प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि बुधवार को अस्पताल में 115 डोज एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई गईं। इनमें आठ मरीजों को इम्यूनोग्लोबुलिन इंजेक्शन भी दिया गया। अभिषेक का इलाज जारी है।

इलाके में सियारों की बढ़ी आवाजाही से ग्रामीण चिंतित

घायल युवक ने बताया कि इलाके में पिछले कुछ समय से सियारों की आवाजाही बढ़ी है। आसपास के कई गांवों में जंगली जानवरों के हमले की घटनाएं सामने आने की बात भी ग्रामीणों ने कही है। इससे गांवों में लोगों के बीच डर का माहौल है।

ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से इलाके में सियारों की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने और हमलावर जानवरों को पकड़ने की मांग की है। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों पर एंटी-रेबीज वैक्सीन और इम्यूनोग्लोबुलिन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई है।