Movie prime

वाराणसी: बुजुर्ग महिला से पता पूछकर बदमाश ने झपटी सोने की चेन, CCTV खंगाल रही पुलिस
 

 
 वाराणसी: बुजुर्ग महिला से पता पूछकर बदमाश ने झपटी सोने की चेन, CCTV खंगाल रही पुलिस
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के नारायण पार्क कॉलोनी में सोमवार सुबह एक बुजुर्ग महिला चेन स्नैचिंग की शिकार हो गईं। बदमाश ने पता पूछने के बहाने महिला को रोककर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, 75 वर्षीय कुसुम शाह सुबह करीब 7:18 बजे अपने घर के बाहर टहल रही थीं। इसी दौरान सफेद रंग की मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक उनके पास आया और शुक्ला जी का पता पूछने लगा। महिला ने जब अनभिज्ञता जताई, तभी आरोपी ने अचानक उनके गले से करीब दो तोले वजन की सोने की चेन झपट ली और शिवपुर बाजार की ओर भाग निकला।

घटना के बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और लिखित तहरीर सौंपी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में बढ़ती ऐसी घटनाओं को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। खासतौर पर बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को गश्त बढ़ाने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।