वाराणसी: जीटी रोड पर तेज रफ्तार थार ने बाइक को 100 मीटर तक घसीटा, मां-बेटी की मौके पर ही मौत
वाराणसी के मंडुआडीह क्षेत्र में तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में मां और पांच वर्षीय बेटी की मौके पर मौत हो गई, जबकि देवर गंभीर रूप से घायल है। गुस्साए लोगों ने थार में तोड़फोड़ की। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
वाराणसी: मंडुआडीह थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। जीटी रोड पर तेज रफ्तार थार जीप ने बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक वाहन के अगले हिस्से में फंस गई और चालक काफी दूर तक तीनों को घसीटता रहा। इस दर्दनाक दुर्घटना में महिला और उसकी पांच वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला का देवर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। गुस्साए लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त थार पर पथराव कर दिया, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को चार थानों की फोर्स बुलानी पड़ी।
रिंग सेरेमनी से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बेनीपुर गांव निवासी सोनी राजभर अपने देवर मनीष राजभर और पांच वर्षीय बेटी पिंकी के साथ मोढ़ैला गांव में आयोजित रिंग सेरेमनी कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। देर रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तीनों बाइक से घर लौट रहे थे।
रात करीब साढ़े ग्यारह बजे भुलनपुर स्थित होटल प्राइम लैंड के सामने पीछे से आ रही तेज रफ्तार थार लगातार हॉर्न दे रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चालक साइड देने की कोशिश कर ही रहा था कि थार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
100 मीटर तक सड़क पर घसीटता रहा वाहन
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सीधे थार के अगले हिस्से में फंस गई। इसके बावजूद चालक ने वाहन नहीं रोका और काफी दूर तक बाइक सवारों को घसीटता रहा। स्थानीय लोगों के मुताबिक लगभग 100 मीटर आगे जाकर गाड़ी रुकी।
सड़क पर खून फैला हुआ था और आसपास मौजूद लोग घायलों को बचाने के लिए दौड़ पड़े। लोगों ने किसी तरह वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक सोनी राजभर और मासूम पिंकी दम तोड़ चुकी थीं।
हादसे के बाद थार सवार फरार
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद थार में सवार दो युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही मंडुवाडीह पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल मनीष को अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
अस्पताल में हंगामा, थार पर पथराव
मां-बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिजन और गांव के लोग अस्पताल पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान दुर्घटनाग्रस्त थार पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया गया, जिससे वाहन के शीशे और अन्य हिस्से टूट गए।
स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने आसपास के थानों से अतिरिक्त फोर्स बुलाकर हालात पर काबू पाया। अधिकारियों ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए फरार आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सोमवार को शिवपुर स्थित पोस्टमार्टम हाउस में मां-बेटी का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
फिलहाल पुलिस फरार थार चालक और उसके साथी की तलाश में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। यह हादसा एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर गया है।
