Movie prime

वाराणसी: सिगरा में दो बच्चों की मां ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी
 

 
 वाराणसी: सिगरा में दो बच्चों की मां ने फांसी लगाकर दी जान, पुलिस जांच में जुटी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी I वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र के जयप्रकाश कॉलोनी में एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान शिल्पा सिंह (32) पत्नी प्रिंस सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सिगरा पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि शिल्पा सिंह अपने पति और बच्चों के साथ जयप्रकाश नगर कॉलोनी स्थित मुकुंद बरनवाल के मकान में किराए पर रहती थीं। मृतका का मायका गाजीपुर जिले में है, जबकि उनके पिता गंगाधर सिंह अपने परिवार के साथ मुंबई में रहते हैं।

परिजनों के अनुसार, शिल्पा और उनके पति प्रिंस सिंह के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आरोप है कि प्रिंस सिंह शराब के नशे का आदी है और आए दिन शिल्पा के साथ मारपीट करता था। विवाद के चलते पहले भी कई बार मामला पुलिस और कोर्ट तक पहुंच चुका था, जहां दोनों पक्षों में समझौता कराया गया था।

बताया गया कि कुछ समय पहले विवाद के कारण शिल्पा अपने मायके पक्ष के साथ रह रही थीं, लेकिन बाद में पति द्वारा सुलह कर उन्हें वापस सिगरा स्थित घर लाया गया था। प्रिंस सिंह नगर निगम में संविदा पर कार्यरत है।

शिल्पा और प्रिंस की शादी वर्ष 2019 में हुई थी। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।