वाराणसी में क्रिकेट प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच, सांसद मनोज तिवारी करेंगे विशेष सहयोग
वाराणसी। वाराणसी में क्रिकेट प्रतिभाओं को निखारने और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में सांसद मनोज तिवारी ने महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने शहर और पूर्वांचल के उभरते क्रिकेटरों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
मनोज तिवारी क्रिकेट क्लब एवं आनंद क्रिकेट अकादमी की ओर से भेलूपुर स्थित सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज में पूर्व वित्त मंत्री हरिश्चंद्र श्रीवास्तव की स्मृति में संचालित क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर को सांसद का सहयोग मिलेगा। इस संबंध में शिविर संचालक पीपी आनंद मिश्रा ने दिल्ली स्थित सांसद के आवास पर उनसे मुलाकात की। इस दौरान पूर्व रणजी खिलाड़ी और क्रिकेट कोच आशीष विस्टन जैदी भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान सांसद मनोज तिवारी ने वाराणसी में क्रिकेट प्रशिक्षण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने पूर्व रणजी खिलाड़ी आशीष विस्टन जैदी को वाराणसी सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश में तेज गेंदबाजों की खोज और उन्हें प्रशिक्षित करने की जिम्मेदारी सौंपी है।
सांसद ने आशीष विस्टन जैदी को मनोज तिवारी क्रिकेट क्लब एवं आनंद क्रिकेट अकादमी का गेंदबाजी कोच और मुख्य संरक्षक नियुक्त किया है। उनका उद्देश्य क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पहचान कर उन्हें उच्च स्तर का प्रशिक्षण प्रदान करना है, ताकि वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
गौरतलब है कि मनोज तिवारी क्रिकेट क्लब और आनंद क्रिकेट अकादमी के अध्यक्ष स्वयं सांसद मनोज तिवारी हैं। छात्र जीवन के दौरान उन्होंने वाराणसी में लंबे समय तक क्रिकेट खेला है और शहर की खेल प्रतिभाओं से उनका विशेष जुड़ाव रहा है। उनकी इस पहल से वाराणसी और पूर्वांचल के युवा क्रिकेटरों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।
