वाराणसी एयरपोर्ट के विकास और कनेक्टिविटी पर अहम बैठक, सांसद प्रिया सरोज ने यात्री सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश
वाराणसी I वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें एयरपोर्ट के समग्र विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज ने की।
बैठक में सांसद प्रिया सरोज ने एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक अनुभव प्रदान करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
नए टर्मिनल के निर्माण के बाद यात्रियों और उड़ानों की संख्या में संभावित वृद्धि को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एयरपोर्ट से वाराणसी शहर तक मेट्रो सेवा शुरू करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। सांसद ने अधिकारियों को इस दिशा में पत्राचार प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए, ताकि शहर और एयरपोर्ट के बीच तेज, सुगम और आधुनिक यातायात व्यवस्था विकसित की जा सके।
यातायात प्रबंधन को सुव्यवस्थित करने के लिए टर्मिनल के बाहर ओला-उबर, प्रीपेड टैक्सी और निजी वाहनों के लिए अलग-अलग लेन बनाने पर सहमति बनी। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट परिसर के बाहर एक हेल्प डेस्क स्थापित करने का प्रस्ताव भी स्वीकार किया गया।
बैठक में एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता, एसडीएम पिंडरा प्रतिभा मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने वाराणसी को बेहतर कनेक्टिविटी वाला एक आधुनिक एयर ट्रांजिट हब बनाने का संकल्प लिया।
