Movie prime

वाराणसी: इंटरलॉकिंग निर्माण में बड़ी अनियमितता, नगर आयुक्त ने जताई नाराजगी, इंजीनियर जवाब तलब

नगर निगम आयुक्त हिमांशु नागपाल ने वरुणापार जोन में औचक निरीक्षण कर इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण में भारी अनियमितताएं पकड़ीं। उन्होंने अवर अभियंता से तत्काल जवाब मांगा और सफाई, स्ट्रीट लाइट, नाला-सफाई, कचरा प्रबंधन व सार्वजनिक सुविधाओं में सुधार के निर्देश दिए। आयुक्त ने बरातघर प्रस्ताव तैयार करने का आदेश भी दिया।

 
इंटरलॉकिंग निर्माण
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: नगर निगम आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शनिवार को वरुणापार जोन के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। लंबे समय से मिल रही शिकायतों की जांच के दौरान आयुक्त जब सिकरौल क्षेत्र पहुंचे तो इंटरलॉकिंग टाइल्स के निर्माण में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आईं। कार्य की खराब गुणवत्ता और मानक विहीन तरीके से किए जा रहे निर्माण पर आयुक्त ने कड़ी नाराज़गी जताई और जिम्मेदार अवर अभियंता ज्ञानचंद से तत्काल स्पष्टीकरण मांगा।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त गोविंद नगर कॉलोनी, यादव बस्ती, सनबीम वरुणा मुख्य मार्ग और सिकरौल शेल्टर होम भी पहुंचे। कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था बदहाल मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को तुरंत स्थिति सुधारने का निर्देश दिया।

सनबीम वरुणा के पास नगर निगम की खाली पड़ी जमीन पर स्थानीय लोगों ने बरातघर बनाने की मांग रखी। आयुक्त ने मौके पर ही जमीन की पैमाइश कराने और बरातघर निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा आयुक्त ने कचरा प्रबंधन, अतिक्रमण हटाने, स्ट्रीट लाइट मरम्मत, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई, नाला-नालियों की सफाई, पेयजल आपूर्ति, और तालाब–कुओं के जीर्णोद्धार के लिए विस्तृत प्रस्ताव तलब किए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जोनल अधिकारी जितेंद्र कुमार आनंद समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।