Movie prime

वाराणसी: नगर निगम ने पार्किंग संचालकों से मांगा पूरा ब्योरा, ऑटो-ई-रिक्शा के लिए बनेंगे पिक एंड ड्रॉप प्वाइंट
 

 
 वाराणसी: नगर निगम ने पार्किंग संचालकों से मांगा पूरा ब्योरा, ऑटो-ई-रिक्शा के लिए बनेंगे पिक एंड ड्रॉप प्वाइंट
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने पार्किंग प्रबंधन को व्यवस्थित करने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में गुरुवार को स्मार्ट सिटी बैठक सभागार में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में पार्किंग प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निजी और सार्वजनिक पार्किंग संचालकों को अपनी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने के निर्देश दिए गए। नगर निगम ने निजी पार्किंग संचालकों से एक सप्ताह के भीतर अपने यहां पार्क होने वाले वाहनों की औसत संख्या, उपलब्ध खाली स्थान और संचालन पर होने वाले खर्च का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराने को कहा है। निगम का मानना है कि इस डेटा के आधार पर पार्किंग शुल्क का उचित निर्धारण किया जा सकेगा। दरअसल, पार्किंग शुल्क को लेकर लगातार आपत्तियां सामने आ रही थीं, जिनके समाधान के लिए यह कदम उठाया गया है।

शहर के प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम को देखते हुए बैठक में पिक एंड ड्रॉप व्यवस्था लागू करने पर भी जोर दिया गया। नगर आयुक्त ने ऑटो और ई-रिक्शा के लिए ऐसे स्थान चिह्नित करने के सुझाव मांगे हैं, जहां चालक केवल सवारी उतारकर तुरंत आगे बढ़ जाएंगे। इन स्थानों पर ऑटो खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी।

इस नई व्यवस्था पर विचार करने के लिए ऑटो यूनियन के प्रतिनिधियों ने नगर निगम से 15 दिन का समय मांगा है।

बैठक में सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, निजी पार्किंग संचालक, सार्वजनिक पार्किंग के ठेकेदार और ऑटो यूनियन के पदाधिकारी मौजूद रहे। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए सभी संबंधित पक्षों का सहयोग जरूरी है। बैठक का मुख्य उद्देश्य ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाना और पार्किंग शुल्क से जुड़ी समस्याओं का समाधान करना है।