वाराणसी नगर निगम उठाएगा घरों से ई-वेस्ट, पुराने मोबाइल-लैपटॉप से AC तक के मिलेंगे पैसे
Varanasi : काशी को स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में नगर निगम ने इलेक्ट्रॉनिक कचरे यानी ई-वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण के लिए नई पहल शुरू की है। शहर में पुराने और खराब हो चुके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सामान्य कचरे में फेंकने से रोकने और उनकी वैज्ञानिक तरीके से रिसाइकलिंग सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने 'एडमायबिन' को अधिकृत किया है।
नई व्यवस्था के तहत शहर में घर-घर जाकर ई-वेस्ट का संग्रह किया जाएगा। खास बात यह है कि पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरण देने वाले नागरिकों और संस्थानों को उनके ई-वेस्ट का उचित मूल्य भी दिया जाएगा।
घरों के साथ स्कूल-कॉलेज और कार्यालयों से भी होगा कलेक्शन
नगर आयुक्त *हिमांशु नागपाल के मुताबिक, ई-वेस्ट संग्रह की सुविधा केवल घरों तक सीमित नहीं रहेगी। कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों, विभिन्न संस्थानों, उद्योगों और बल्क जनरेटरों से भी पुराने तथा अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एकत्र किए जाएंगे।
इसके साथ ही ई-वेस्ट को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए शहर में विशेष जागरूकता सत्र और संग्रह अभियान भी आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि इलेक्ट्रॉनिक कचरे को सामान्य गीले या सूखे कचरे के साथ मिलाना पर्यावरण के लिए नुकसानदेह हो सकता है।
मोबाइल-लैपटॉप से लेकर फ्रिज और AC तक होगा कलेक्ट
अभियान के तहत लगभग सभी तरह के इलेक्ट्रॉनिक और इलेक्ट्रिकल कचरे को एकत्र किया जाएगा। इनमें कंप्यूटर, लैपटॉप, मॉनिटर, मोबाइल फोन, टैबलेट, प्रिंटर, स्कैनर, रेफ्रिजरेटर, फ्रीजर, वॉशिंग मशीन, ड्रायर, एयर कंडीशनर, गीजर और माइक्रोवेव ओवन शामिल हैं।
इसके अलावा बैटरी, सेल, चार्जर, केबल, राउटर, स्विच, स्टेबलाइजर, इनवर्टर, यूपीएस, सर्किट बोर्ड (PCB), होम थिएटर, ऑडियो सिस्टम और LED, LCD व CRT टेलीविजन जैसे उपकरण भी ई-वेस्ट के रूप में दिए जा सकेंगे।
कैसे बुक होगा घर से E-Waste Pickup?
ई-वेस्ट देने के लिए नागरिकों को नगर निगम की ओर से उपलब्ध कराए गए क्यूआर कोड या **हेल्पलाइन नंबर 8335955000** के माध्यम से संपर्क करना होगा। इसके बाद नागरिक की सुविधा के अनुसार पिकअप की तारीख और समय निर्धारित किया जाएगा।
निर्धारित समय पर एडमायबिन की टीम संबंधित स्थान पर पहुंचेगी और ई-वेस्ट को एकत्र करेगी। ई-वेस्ट के बदले संबंधित नागरिक या संस्थान को उचित मूल्य भी दिया जाएगा।
एकत्र किए गए इलेक्ट्रॉनिक कचरे को अधिकृत चैनलों के माध्यम से सुरक्षित तरीके से आगे भेजा जाएगा, जहां वैज्ञानिक प्रक्रिया के तहत उसकी रिसाइकलिंग की जाएगी।
नगर निगम ने काशीवासियों से की अपील
नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सामान्य कचरे के साथ न फेंकें। खराब मोबाइल, लैपटॉप, टीवी, बैटरी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान को अलग रखें और उन्हें अधिकृत संस्था को ही सौंपें।
नगर निगम की इस पहल से जहां लोगों को घर बैठे पुराने इलेक्ट्रॉनिक सामान के निस्तारण की सुविधा मिलेगी, वहीं ई-वेस्ट से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान को कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। यह अभियान काशी को अधिक स्वच्छ और हरित शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
