Movie prime

वाराणसी में अब मुफ्त मिलेगा पौधा और ट्री-गार्ड, घर पहुंचकर पौधा लगाएगी नगर निगम की टीम
 

 
 वाराणसी में अब मुफ्त मिलेगा पौधा और ट्री-गार्ड, घर पहुंचकर पौधा लगाएगी नगर निगम की टीम
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। काशी को उसके प्राचीन स्वरूप ‘आनंद-कानन’ के रूप में विकसित करने की दिशा में नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर नगर निगम शहरवासियों को नि:शुल्क पौधा और ट्री-गार्ड उपलब्ध कराएगा। इसके लिए नागरिक अपने घर, कॉलोनी, मोहल्ले या पार्क में पौधा लगवाने के लिए नगर निगम से संपर्क कर सकते हैं।

सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि पौधे और ट्री-गार्ड का पूरा खर्च नगर निगम वहन करेगा। एक पौधे और उसके ट्री-गार्ड पर करीब 2,740 रुपये खर्च होंगे। निगम की टीम स्वयं मौके पर पहुंचकर गड्ढा खोदेगी, पौधा लगाएगी और ट्री-गार्ड भी लगाएगी।

पौधे की देखभाल सुनिश्चित करने के लिए संबंधित स्थान पर एक ‘पालक’ का नाम भी दर्ज किया जाएगा। इससे पौधे के संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी तय की जा सकेगी।

पिछले अभियानों में बेहतर रहा पौधों का सर्वाइवल रेट

महापौर ने बताया कि पिछले वर्षों में चलाए गए पौधारोपण अभियानों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। वर्ष 2024-25 में लगाए गए 8,000 पौधों में से 5,543 पौधे जीवित हैं। वहीं, वर्ष 2025-26 में लगाए गए 20,000 पौधों में से 19,269 पौधे सुरक्षित हैं।

नगर निगम ने इस वर्ष ट्री-गार्ड के साथ 25,000 नए पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है और इसके तहत काम भी शुरू कर दिया गया है।

अब तक उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में 10,305, रोहनिया में 6,713, कैंट में 6,236 और दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में 4,746 पौधे ट्री-गार्ड के साथ लगाए जा चुके हैं।

उपवन योजना के तहत हजारों पौधे लगाए गए

नगर निगम की उपवन योजना के तहत सारंग तालाब भीटा में 35,000 और कंचनपुर अखाड़ा पार्क में 15,000 पौधे लगाए जा चुके हैं। नए वित्तीय वर्ष में शहर के सभी आठ जोनों में 25,000 ट्री-गार्ड लगाने और अगले दो वर्षों तक उनके रखरखाव के लिए 7.45 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है।

इसके अलावा सारंग तालाब में मियावाकी पद्धति से सघन वन विकसित करने के लिए 1.29 करोड़ रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है।

स्मार्ट काशी ऐप से कर सकेंगे आवेदन

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि नागरिक पौधा प्राप्त करने के लिए ‘स्मार्ट काशी ऐप’ के जरिए भी आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के दौरान वार्ड संख्या, मोहल्ला या कॉलोनी, मकान नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा।

आवेदन मिलने के बाद नगर निगम की टीम संबंधित आवेदक के घर या बताए गए स्थान पर पहुंचेगी और वहां पौधा लगाने के साथ ट्री-गार्ड भी लगाएगी।

नगर निगम की ओर से मुख्य रूप से मौलश्री, अमलतास, नीम, अर्जुन, पीपल, पाकड़, बरगद और गुलमोहर जैसी पारंपरिक, छायादार और पर्यावरण के लिए उपयोगी प्रजातियों के पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं।