वाराणसी: रविवार को भी खुलेंगे नगर निगम के टैक्स काउंटर, 15 जुलाई तक टैक्स जमा करने पर मिलेगी 12% तक की छूट
वाराणसी। नगर निगम वाराणसी ने शहर के भवन स्वामियों को बड़ी राहत देते हुए इस सप्ताह के द्वितीय शनिवार और रविवार को भी सभी टैक्स कलेक्शन काउंटर खुले रखने का निर्णय लिया है। गृहकर, जलकर और सीवरकर पर मिल रही छूट की अंतिम तिथि 15 जुलाई होने के कारण यह व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग समय रहते कर जमा कर सकें।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, सिगरा स्थित मुख्यालय सहित शहर के सभी जोनल कार्यालयों के टैक्स काउंटर अवकाश के बावजूद सामान्य कार्यदिवस की तरह सुबह से शाम तक संचालित रहेंगे। इससे वे नागरिक भी अपने कर का भुगतान कर सकेंगे, जो कार्यदिवसों में व्यस्तता के कारण कार्यालय नहीं पहुंच पाते।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि 15 जुलाई तक गृहकर, जलकर और सीवरकर का भुगतान करने पर 10 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। वहीं, यदि करदाता ऑनलाइन माध्यम से भुगतान करते हैं तो उन्हें 2 प्रतिशत अतिरिक्त रियायत मिलेगी। इस तरह ऑनलाइन भुगतान पर कुल 12 प्रतिशत तक की छूट का लाभ मिलेगा।
ऑनलाइन भुगतान के लिए नागरिक यूपीआई, नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड का उपयोग कर सकते हैं। इसके अलावा नगर निगम के आधिकारिक व्हाट्सएप चैटबॉट 86018 72601 पर 'Hi' भेजकर डिजिटल बिल प्राप्त कर सुरक्षित तरीके से भुगतान भी किया जा सकता है।
नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि छूट की अवधि समाप्त होने से पहले इस विशेष सुविधा का लाभ उठाकर समय पर गृहकर, जलकर और सीवरकर का भुगतान करें। उन्होंने कहा कि 15 जुलाई के बाद किसी भी प्रकार की छूट नहीं मिलेगी और उपभोक्ताओं को पूरा टैक्स जमा करना होगा।
