Movie prime

वाराणसी: काशी विश्वनाथ धाम को पॉलिथीन मुक्त बनाने की पहल, नमामि गंगे ने श्रद्धालुओं को बांटे कपड़े के थैले
 

 
 वाराणसी: काशी विश्वनाथ धाम को पॉलिथीन मुक्त बनाने की पहल, नमामि गंगे ने श्रद्धालुओं को बांटे कपड़े के थैले
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। त्योहारों के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश देते हुए नमामि गंगे ने बुधवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों को कपड़े के थैले वितरित किए गए। अभियान का मुख्य उद्देश्य काशी विश्वनाथ धाम को पॉलिथीन मुक्त बनाने के साथ ही मां गंगा को प्रदूषण से बचाने के लिए लोगों को जागरूक करना रहा।

सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले नुकसान की दी जानकारी

नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को सिंगल यूज प्लास्टिक से पर्यावरण को होने वाले नुकसान के बारे में बताया।

अभियान के दौरान लोगों से प्लास्टिक की थैलियों, बोतलों और बर्तनों का इस्तेमाल कम करने तथा इनके स्थान पर कपड़े के थैले, जूट बैग, बांस की डलिया और स्टील के बर्तनों का उपयोग करने की अपील की गई।

प्रकृति की रक्षा ही सच्ची पूजा: राजेश शुक्ला

इस अवसर पर राजेश शुक्ला ने कहा कि बाबा विश्वनाथ हमें पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा देते हैं। मां गंगा सहित जीवनदायिनी नदियों को पॉलिथीन और अन्य प्रदूषकों से बचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।

उन्होंने कहा कि प्रकृति की रक्षा ही सच्ची पूजा है। धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने के लिए स्वच्छता के प्रति जागरूक होना और पर्यावरण के अनुकूल वस्तुओं का उपयोग करना आवश्यक है।

श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक

अभियान के दौरान काशी विश्वनाथ धाम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता को लेकर जन-जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं से धार्मिक स्थलों और गंगा तटों पर प्लास्टिक कचरा न फैलाने की अपील की।

कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की मौजूदगी रही। नमामि गंगे की इस पहल के माध्यम से लोगों को स्वच्छ काशी और प्रदूषण मुक्त गंगा के संकल्प से जुड़ने का संदेश दिया गया।