Movie prime

नमो घाट पर नाव लगाने को लेकर विवाद, नाविकों पर आरोप- मैनेजर को घेरकर पीटा, वीडियो वायरल

वाराणसी के नमो घाट फेस-3 पर गंगा आरती से पहले विवाद में नाविकों पर घाट मैनेजर की पिटाई का आरोप लगा है। घटना का वीडियो वायरल हो गया है। पुलिस ने दो नामजद समेत 20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 
नमो घाट पर नाव लगाने को लेकर विवाद
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: नमो घाट फेस-3 पर शनिवार देर शाम गंगा आरती से पहले व्यवस्था को लेकर विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि नाविकों और उनसे जुड़े लोगों ने मिलकर घाट के मैनेजर मनीष कुमार सिंह की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नमो घाट पर प्रतिदिन गंगा आरती आयोजित की जाती है, जिसके लिए आरती स्थल के सामने विशेष जेटी की व्यवस्था की गई है। शनिवार शाम आरती से पहले दो बजड़ों पर सवार यात्रियों को उतारने के लिए नाव किनारे लगाने का प्रयास किया जा रहा था।

घाट प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों ने निर्धारित व्यवस्था का हवाला देते हुए नाव को आरती स्थल के पास लगाने से रोक दिया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इसके बाद नाविकों ने फोन कर अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया।

पीड़ित मैनेजर मनीष कुमार सिंह के अनुसार, कुछ ही देर में बजड़ा मालिक अभिषेक साहनी, दीपक साहनी समेत करीब 20 लोग वहां पहुंचे और उन्हें घेरकर मारपीट शुरू कर दी। हमले में उनके चेहरे, कमर और हाथ में गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद मामला आदमपुर थाने पहुंचा, जहां पीड़ित की तहरीर पर अभिषेक साहनी, दीपक साहनी समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आदमपुर थाना प्रभारी विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।