PM मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर काशी में खास आयोजन, नाटक में दिखेगी गुजरात से दिल्ली तक की यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर वाराणसी में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ नाट्य प्रस्तुति होगी। भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रम में उनकी राजनीतिक यात्रा, सेवा, संघर्ष और सुशासन के प्रसंग मंच पर दिखाए जाएंगे। काशी में 16 स्थानों पर नुक्कड़ नाटक भी होंगे।
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर काशी में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ नाट्य प्रस्तुति का आयोजन किया जाएगा। भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत होने वाले इस मंचन में अभिनय और संवादों के जरिए नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से देश के प्रधानमंत्री तक के सफर को प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में सेवा, संघर्ष, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े प्रसंगों को केंद्र में रखा गया है।
कला के जरिए लोगों तक पहुंचने की कोशिश
सोमवार को गुलाब बाग स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कला के माध्यम से लोगों तक पहुंचने और जनसंवाद स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।
नाट्य प्रस्तुति में प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को कलाकार मंच पर प्रस्तुत करेंगे। इसमें गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के तौर पर उनकी राजनीतिक यात्रा तक के प्रसंग शामिल होंगे।
भाजपा के अनुसार, अभियान के तहत केवल नाट्य मंचन ही नहीं बल्कि स्कूलों, महाविद्यालयों और ग्राम पंचायतों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के जरिए युवाओं और आम लोगों को राष्ट्रनिर्माण से जुड़े संकल्पों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
काशी में 16 स्थानों पर नुक्कड़ नाटक
‘नमो सेवा गाथा’ के तहत वाराणसी के अलग-अलग इलाकों में 15 सदस्यीय कलाकारों की टीम नुक्कड़ नाटकों का मंचन करेगी। इन प्रस्तुतियों के जरिए जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक दायित्वों से जुड़े संदेश लोगों तक पहुंचाए जाएंगे।
कार्यक्रम के पहले चरण में 6 से 9 अक्टूबर के बीच डेलवरिया मंदिर, गुरुनानक चौराहा समेत आठ स्थानों पर नुक्कड़ नाटक होंगे। इसके बाद 10 से 14 अक्टूबर तक प्रह्लाद घाट, थाना चौक समेत आठ अन्य स्थानों पर प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।
इस दौरान भाजपा उपाध्यक्ष कुसुम पटेल, महामंत्री अशोक जाटव और अजय गुप्ता, मीडिया प्रभारी प्रमील पांडेय तथा सह मीडिया प्रभारी अशोक कुमार पांडेय समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
बनारस से वडनगर तक बाइक यात्रा में राजातालाब के युवा भी शामिल
इसी अभियान से जुड़े कार्यक्रमों के बीच वाराणसी से गुजरात के वडनगर तक निकली बाइक यात्रा में राजातालाब क्षेत्र के छह से अधिक युवा भी शामिल हुए हैं। यात्रा में शामिल युवा फतेहपुर पहुंचने के बाद चौपाल में भी शामिल हुए।
ढढोरपुर गांव निवासी कैलाश विश्वकर्मा ने बताया कि यात्रा को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह है। उन्होंने कहा कि यात्रा शुरू होने से पहले सफर कठिन लग रहा था, लेकिन रास्ते में लोगों के स्वागत और अपनापन मिलने से यात्रा आसान महसूस हो रही है। यात्रा में कैलाश विश्वकर्मा के साथ अमरनाथ पटेल, दिनेश पटेल, शिवम गुप्ता, जितेंद्र राय, ओम गुप्ता और अमित मौर्य समेत अन्य युवा शामिल हैं।
