Movie prime

वाराणसी: दांडी घाट पर गंगा में डूब रहे बिहार के युवक को NDRF ने बचाया, समय रहते किया रेस्क्यू

 
.….
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। दांडी घाट पर गुरुवार सुबह एनडीआरएफ की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से गंगा में डूब रहे एक युवक की जान बच गई। 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ की टीम पिकेट और नियमित पेट्रोलिंग ड्यूटी पर तैनात थी, तभी सुबह करीब 7:30 बजे एक युवक स्नान के दौरान गहरे पानी में डूबने लगा।

स्थिति को गंभीर देखते ही मौके पर मौजूद एनडीआरएफ के प्रशिक्षित बचावकर्मी बिना देर किए गंगा में कूद पड़े और कुछ ही मिनटों में युवक को सुरक्षित बाहर निकालकर नदी किनारे ले आए। समय पर किए गए इस रेस्क्यू अभियान से युवक की जान बच गई।

बचाए गए युवक की पहचान 20 वर्षीय रिशुराज, पुत्र सतीश कुमार पटेल, निवासी नालंदा (बिहार) के रूप में हुई। एनडीआरएफ की इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई को घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने प्रत्यक्ष रूप से देखा तथा बचाव दल की सराहना की।

इस अवसर पर एनडीआरएफ के उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने लोगों से अपील की कि वे नदियों और अन्य जलाशयों में स्नान या किसी भी गतिविधि के दौरान जल सुरक्षा नियमों का पालन करें। उन्होंने गहरे पानी में जाने से बचने, चेतावनी संकेतों पर ध्यान देने और सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से मानसून के दौरान नदियों का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ा हादसा बन सकती है। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही डूबने जैसी घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है और एनडीआरएफ जन-जागरूकता एवं आपदा प्रबंधन के लिए लगातार कार्य कर रही है।