Movie prime

शाश्वत त्रिपुरारी बने वाराणसी के नए नगर आयुक्त, हिमांशु नागपाल को मिली गाजियाबाद की जिम्मेदारी

वाराणसी नगर निगम को नया नगर आयुक्त मिल गया है। गोरखपुर के सीडीओ शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अब तक नगर आयुक्त रहे हिमांशु नागपाल का तबादला गाजियाबाद कर दिया गया है। यूपी में 38 आईएएस अधिकारियों के प्रशासनिक फेरबदल में कई अन्य नियुक्तियां भी हुई हैं।

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार देर रात हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल में वाराणसी नगर निगम को नया नगर आयुक्त मिला है। गोरखपुर के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, अब तक इस पद पर तैनात हिमांशु नागपाल का तबादला गाजियाबाद कर दिया गया है। उन्हें वहां नगर आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन ने इस फेरबदल में पांच जिलों के डीएम समेत कुल 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं।

शाश्वत त्रिपुरारी होंगे वाराणसी के नए नगर आयुक्त

शासन की ओर से जारी तबादला सूची के अनुसार, शाश्वत त्रिपुरारी को गोरखपुर के सीडीओ पद से हटाकर वाराणसी नगर निगम का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। वह हिमांशु नागपाल की जगह लेंगे। वहीं, हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद नगर निगम का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।

शाश्वत त्रिपुरारी 2021 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी हैं. उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है. UPSC की सिविल सेवा परीक्षा पास करने के बाद उन्होंने प्रशासनिक सेवा में कदम रखा. उनकी शुरुआती तैनातियों में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के रूप में काम करने का अनुभव भी शामिल है. अब उन्हें वाराणसी जैसे महत्वपूर्ण शहर में नगर आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है.

गोरखपुर में तैनाती से पहले वह अलीगढ़ में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर काम कर चुके हैं. इसके अलावा उनकी शुरुआती प्रशासनिक तैनाती गोरखपुर और मथुरा में भी रही है।

यूपी में पांच जिलों के डीएम भी बदले

प्रशासनिक फेरबदल में पांच जिलों के जिलाधिकारियों की भी तैनाती बदली गई है। एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार को सीतापुर का डीएम बनाया गया है। जोगिंदर सिंह को बिजनौर, गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर, शिव शरणप्पा जीएन को महाराजगंज और सुनील कुमार सिंह को मुजफ्फरनगर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

अनुज सिंह बने एलडीए के नए वीसी

मुख्यमंत्री के विशेष सचिव आईएएस अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का नया उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, प्रथमेश कुमार को एलडीए से सीतापुर भेजा गया है।

इसके अलावा विक्रमादित्य मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। संजय कुमार को यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) और प्रवीण वर्मा को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में एसीईओ की जिम्मेदारी दी गई है।

इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी

अन्य नियुक्तियों में अभिषेक कुमार को गोरखपुर का मुख्य विकास अधिकारी, राजागणपति आर को सूडा का निदेशक और राजेश कुमार को अयोध्या का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है।