वाराणसी: फुलपूर में SBI क्रेडिट कार्ड से डेढ़ लाख की ठगी, आरोपी फरार
वाराणसी: फूलपुर थाना क्षेत्र के खालिसपुर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा में क्रेडिट कार्ड धोखाधड़ी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने चार लोगों का विश्वास जीतते हुए उनके नाम पर क्रेडिट कार्ड खुलवाए और बाद में डेढ़ लाख रुपये से अधिक की ठगी कर फरार हो गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अनेई, बड़ागांव निवासी मेराज अहमद ने एसबीआई खालिसपुर शाखा में पीड़ितों के लिए क्रेडिट कार्ड जारी करवाए थे। कुछ दिनों बाद उसने यह कहकर पीड़ितों से कार्ड ले लिए कि बैंक में कुछ संशोधन कराना है। भरोसा करते हुए पीड़ितों ने कार्ड उसे सौंप दिए।
दो दिन बाद ही सुरेंद्र प्रसाद सिंह के कार्ड से 47,126 रुपये, शशि शर्मा के कार्ड से 35,742 रुपये, गुलाम रसूल के कार्ड से 44,529 रुपये और राजन के कार्ड से 22,000 रुपये निकालकर आरोपी ने सभी कार्ड बंद करा दिए और फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़ित—सुरेंद्र प्रसाद सिंह (बरंवा, सिंधोरा), शशि शर्मा (नंदोय, फूलपुर), गुलाम रसूल (ग्राम थाना) और राजन (समोगरा, फूलपुर)—अब बैंक और थाने के चक्कर काट रहे हैं। उनके कार्ड पर ब्याज बढ़ता जा रहा है जिससे परेशानी और बढ़ गई है।
फूलपुर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो चुकी है। हल्का इंचार्ज को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी मेराज अहमद के खिलाफ फूलपुर थाने में इससे पहले भी एक मामला दर्ज है।
