Movie prime

सावन से पहले वाराणसी में भारी वाहनों के लिए नई व्यवस्था, नो एंट्री में घुसे तो गाड़ियां होंगी सीज

सावन और आगामी त्योहारों को देखते हुए वाराणसी पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला लिया है। नो एंट्री के दौरान शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियम तोड़ने वाले वाहनों को सीज किया जाएगा और सीसीटीवी से निगरानी कर सख्त कार्रवाई होगी।

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: सावन और आगामी त्योहारों के दौरान शहर को जाम मुक्त रखने के लिए वाराणसी ट्रैफिक पुलिस ने सख्त रणनीति तैयार की है। अब नो एंट्री के समय किसी भी हालत में भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले ट्रक, डंपर, ट्रेलर और अन्य बड़े वाहनों को सीज किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इस अभियान में सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं।

हाईवे और रिंग रोड पर ही रोके जाएंगे बड़े वाहन

एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्र ने बताया कि नो एंट्री के दौरान भारी वाहनों को शहर में प्रवेश से पहले ही हाईवे और रिंग रोड पर रोक दिया जाएगा। यदि कोई वाहन कॉलोनियों या वैकल्पिक रास्तों से चोरी-छिपे शहर में प्रवेश करता मिला तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन सीज किया जाएगा।

इसके लिए ऐसे सभी मार्गों की पहचान भी की जा रही है, जहां से भारी वाहन शहर में दाखिल होने की कोशिश करते हैं।

केवल अनुमति वाले वाहनों को मिलेगी छूट

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार केवल उन्हीं वाहनों को प्रवेश की अनुमति होगी, जिनके पास वैध परमिट या विशेष अनुमति होगी। ऐसे वाहनों को भी रात में निर्धारित समय के दौरान ही शहर में प्रवेश करना होगा और नो एंट्री लागू होने से पहले शहर से बाहर निकलना अनिवार्य होगा।

रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक ही मिलेगी एंट्री

वाराणसी में रोजाना सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक नो एंट्री लागू रहती है। इस दौरान ट्रक, डंपर, ट्रेलर और अन्य भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहती है। रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक निर्धारित शर्तों के साथ इन वाहनों को शहर में आने की अनुमति दी जाती है। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को नियमों के अनुसार छूट मिलेगी।

वाहन खराब होने पर तुरंत हटाने की होगी व्यवस्था

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन संचालकों को निर्देश दिया है कि यदि शहर के भीतर किसी भारी वाहन में खराबी आती है तो उसे तुरंत सड़क से हटाने की व्यवस्था करनी होगी। सड़क पर खराब वाहन खड़े रहने से जाम की स्थिति बनती है और त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं व आम लोगों को परेशानी होती है।

सीसीटीवी से होगी निगरानी, वैकल्पिक रूट की मिलेगी जानकारी

त्योहारों के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। बाहरी जिलों से आने वाले भारी वाहनों को पहले ही वैकल्पिक मार्गों की जानकारी देकर रूट डायवर्ट कराया जाएगा। कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे शहर की निगरानी होगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा पर रहेगा फोकस

एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्र ने कहा कि सावन और अन्य त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक वाराणसी आते हैं। उनकी सुविधा, सुगम यातायात और शहर को जाम मुक्त रखने के लिए यह विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। उन्होंने सभी यातायात निरीक्षकों को स्वयं निगरानी करने और नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।