Movie prime

वाराणसी: भोजूबीर-पांडेयपुर, रामनगर और आशापुर मार्ग के विकास को मिली NOC, तय शर्तों के साथ शुरू होगा काम

 
 वाराणसी: भोजूबीर-पांडेयपुर, रामनगर और आशापुर मार्ग के विकास को मिली NOC, तय शर्तों के साथ शुरू होगा काम
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। शहर की प्रमुख सड़कों को आधुनिक, सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (CM GRIDS) योजना के तहत शहर के तीन महत्वपूर्ण मार्गों के विकास का रास्ता साफ हो गया है। प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इन सड़कों पर विकास कार्य के लिए नगर निगम को अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) जारी कर दिया है।

एनओसी मिलने के बाद भोजूबीर-पांडेयपुर, रामनगर और आशापुर क्षेत्र में कुल करीब 5.45 किलोमीटर सड़क के विकास का काम आगे बढ़ सकेगा।

PWD की ओर से जारी एनओसी के मुताबिक भोजूबीर तिराहा से पांडेयपुर फ्लाईओवर तक करीब 2.35 किलोमीटर सड़क के विकास को मंजूरी दी गई है। वहीं शास्त्री मूर्ति से रामनगर किला होते हुए रामनगर चौराहा तक करीब 950 मीटर मार्ग के लिए सशर्त स्वीकृति दी गई है।

इसके अलावा आशापुर चौराहा से पंचकोशी चौराहा और वरुणा पुराने पुल तक करीब 2.15 किलोमीटर सड़क के विकास के लिए भी एनओसी जारी की गई है।

यातायात व्यवस्था का रखना होगा ध्यान

लोक निर्माण विभाग ने विकास कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं। निर्माण के दौरान सड़क पर यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। निर्माण एजेंसी को सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करना होगा।

इसके साथ ही मौजूदा मुख्य कैरेज-वे की चौड़ाई को प्रभावित किए बिना सड़क विकास का काम करना होगा। निर्माण के दौरान विभागीय मानकों और निर्धारित तकनीकी शर्तों का भी पालन अनिवार्य रहेगा।

फुटपाथ से लेकर जल निकासी तक होगा विकास

CM GRIDS योजना के तहत शहर की चयनित सड़कों को सिर्फ चौड़ा या नया बनाने के बजाय उन्हें व्यवस्थित और आधुनिक तरीके से विकसित किया जा रहा है। योजना में फुटपाथ, जल निकासी व्यवस्था, हरित क्षेत्र, यूटिलिटी डक्ट और यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है।