Movie prime

वाराणसी: तलाक नहीं, फिर भी दूसरी शादी! पति पर 6 लाख हड़पने, ससुर पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
 

 
 वाराणसी: तलाक नहीं, फिर भी दूसरी शादी! पति पर 6 लाख हड़पने, ससुर पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। सारनाथ क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता ने अपने पति, ससुर और ननद पर गंभीर आरोप लगाते हुए शनिवार को पुलिस आयुक्त से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि पति ने उससे करीब 6 लाख रुपये हड़प लिए, लगातार मारपीट करता रहा और अब परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर दूसरी शादी कराने की तैयारी कर रहा है।

पीड़िता प्रियंका सेठ के अनुसार, उसकी शादी 17 सितंबर 2024 को प्रयागराज जनपद के मेजा थाना क्षेत्र निवासी प्रियांशु सेठ के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। उसका एक करीब 15 माह का पुत्र भी है। विवाहिता का कहना है कि शादी के बाद उसका पति उसके मायके पंचकोशी, सारनाथ में ही रहने लगा था, लेकिन इसी दौरान वह लगातार मारपीट करता रहा और विभिन्न बहानों से लगभग छह लाख रुपये ले लिए। पैसे नहीं देने पर उसे और उसके बच्चे को जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं।

विवाहिता ने आरोप लगाया कि उसके ससुर चन्द्रमा सेठ ने कई बार उसके साथ छेड़छाड़ की और दुष्कर्म का प्रयास किया। इतना ही नहीं, वह उसकी निजता का उल्लंघन करते हुए बाथरूम तक में घुस आते थे। इस संबंध में पति को जानकारी देने पर भी उसने कोई कार्रवाई नहीं की, बल्कि उसे ही धमकाकर चुप करा दिया।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि ननद प्रिया सेठ भी लगातार धमकाती रहती है। पीड़िता को जानकारी मिली है कि पति, ससुर और ननद मिलकर, जबकि उसका विवाह अभी कानूनी रूप से समाप्त नहीं हुआ है और तलाक भी नहीं हुआ है, उसके पति की दूसरी शादी कांटीत मार्केट निवासी एक युवती से कराने का प्रयास कर रहे हैं।

विवाहिता ने आरोप लगाया कि शादी के समय उसके परिवार से स्कॉर्पियो वाहन और करीब 25 लाख रुपये दहेज के रूप में लिए गए थे। ससुराल पक्ष द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी गई। उसने बताया कि इससे पहले भी सारनाथ थाने में प्रार्थना पत्र दिया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पीड़िता ने पुलिस आयुक्त से मामले की निष्पक्ष जांच कर पति, ससुर, ननद और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा उसे और उसके बच्चे को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।