वृंदावन नाव हादसे के बाद वाराणसी में अलर्ट, गंगा घाटों पर सख्ती बढ़ी, ओवरलोडिंग पर कड़ी कार्रवाई
वाराणसी। वृंदावन में यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी मोटर बोट के पलटने से हुए दर्दनाक हादसे के बाद वाराणसी प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसके बाद काशी के गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।
बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर और गंगा आरती के लिए रोजाना भारी संख्या में श्रद्धालु वाराणसी पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी के अनुसार, घाटों पर पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और नाविकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी हालत में नावों में ओवरलोडिंग न करें।
प्रशासन ने घाटों के संवेदनशील और गहरे इलाकों में चेतावनी बोर्ड भी लगवाए हैं। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले नाविकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। नाबालिगों द्वारा नाव संचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए नाव में बैठते समय लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। नाविकों को केवल नारंगी रंग की लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी दुर्घटना की स्थिति में व्यक्ति को आसानी से देखा जा सके।
प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गंगा घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में अपने धार्मिक कर्तव्यों का पालन कर सकें।
वृंदावन हादसे ने एक बार फिर जल परिवहन में सुरक्षा नियमों के पालन की अहमियत को उजागर किया है। वाराणसी प्रशासन ने नाविकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सभी सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
