कांवड़ यात्रा से पहले वाराणसी में हाई अलर्ट! पुलिस ने संभाली कमान, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
Varanasi : सावन माह में कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार शाम वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मडुवाडीह चौराहे और कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात संचालन, भीड़ नियंत्रण और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार, एडीसीपी लिपि नागायच, एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा, थाना प्रभारी मडुवाडीह अजय राज वर्मा तथा क्राइम इंस्पेक्टर विद्यासागर शुक्ला मौजूद रहे।
