Movie prime

Varanasi : गणतंत्र दिवस पर मंडलायुक्त व जिलाधिकारी ने फहराया तिरंगा, बोले- संविधान के मूल्यों को आत्मसात करना हर नागरिक का कर्तव्य

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले में पूरे सम्मान और उत्साह के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया गया। इस मौके पर मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने अपने कैंप कार्यालय और कमिश्नरी परिसर में, जबकि जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कलेक्ट्रेट स्थित राइफल क्लब और अपने कैंप कार्यालय में तिरंगा फहरा कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

...

तिरंगा फहराने के बाद राष्ट्रगान गाया गया और उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों व नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी गईं। अपने संबोधन में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने कहा कि संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है और इसके मूल्यों को आत्मसात करना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सभी नागरिकों की भूमिका पर जोर दिया। मंडलायुक्त ने अंग्रेजी शासन के दौरान चले स्वतंत्रता आंदोलन, महात्मा गांधी के नमक सत्याग्रह, देश की आजादी और संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा को याद करते हुए नागरिक कर्तव्यों की महत्ता बताई। उन्होंने आने वाली पीढ़ियों को भी संविधान के महत्व से अवगत कराने का आह्वान किया।

..

मंडलायुक्त ने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर भी चिंता जताई और कहा कि अनवेरिफाइड और भ्रामक सूचनाओं से समाज को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने नई पीढ़ी को सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से बचाने पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

वहीं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण के बाद संविधान की प्रस्तावना की सभी को शपथ दिलाई। इस अवसर पर बालिकाओं और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों को उपहार वितरित किए गए। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

अंत में मंडलायुक्त और जिलाधिकारी दोनों ने जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।