वाराणसी: लोहता में रेलिंग तोड़कर घर में घुसी कार, एक की मौत, चार गंभीर
वाराणसी: लोहता थाना क्षेत्र में बेकाबू सुज़ुकी अर्टिगा कार सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे एक मकान में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार पाँच लोगों में से एक की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना रविवार देर रात लगभग एक बजे धमरिया इलाके की है। जानकारी के मुताबिक, भदोही जिले के सुरयावा से कुछ लोग एक बारात में शामिल होने के लिए लोहता के भिटारी गांव आए थे। शादी से लौटने के बाद सभी लोग UP 66 Z 7717 नंबर की अर्टिगा कार से घर लौट रहे थे। जैसे ही गाड़ी धमरिया के पास पहुंची, तेज़ रफ़्तार के कारण चालक का नियंत्रण हट गया और कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए दुर्गावती देवी के मकान में घुस गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि घर में सो रहे लोग भी धमाके जैसी आवाज सुनकर दहशत में बाहर दौड़ पड़े। बाहर का दृश्य बेहद भयावह था, कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त और उसमें सवार सभी लोग खून से लथपथ पड़े थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को दुर्गाकुंड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने मनोज जायसवाल (42) को मृत घोषित कर दिया। जबकि संतोष वर्मा (40), आशीष जायसवाल (38), अनिल वर्मा (40) और एक अज्ञात युवक (निवासी सुरयावा, भदोही) की हालत गंभीर बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कार में सवार सभी लोग नशे की हालत में थे और वाहन के अंदर से शराब की बोतल भी मिली है। हादसे के बाद मौके पर लोग इकट्ठा हो गए और लंबे समय तक अफरा-तफरी बनी रही। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच जारी है।
