वाराणसी में ‘भाग्यलक्ष्मी’ ऑनलाइन जुए का जाल! बार एसोसिएशन उपाध्यक्ष ने की कार्रवाई की मांग
वाराणसी में ‘भाग्यलक्ष्मी’ नाम से ऑनलाइन जुआ और लॉटरी नेटवर्क चलने का आरोप लगा है। बनारस बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कई इलाकों में अवैध गतिविधियों का दावा किया और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
वाराणसी: काशी में कथित रूप से चल रहे ‘भाग्यलक्ष्मी’ ऑनलाइन जुआ और लॉटरी नेटवर्क को लेकर अब आवाज तेज होने लगी है। बनारस बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष और अधिवक्ता सतीश यादव ने शहर के कई इलाकों में ऑनलाइन जुआ और सट्टे के संचालन का आरोप लगाया है। उन्होंने इस संबंध में पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अधिवक्ता सतीश यादव का आरोप है कि वाराणसी के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ऑनलाइन लॉटरी और सट्टा ‘भाग्यलक्ष्मी’ के नाम से संचालित किया जा रहा है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत और छापेमारी के बावजूद यह अवैध गतिविधियां कुछ दिनों के लिए बंद होती हैं, लेकिन फिर दोबारा शुरू हो जाती हैं। विशेष रूप से कोतवाली थाना क्षेत्र के विशेश्वरगंज इलाके में इस तरह की गतिविधियों के संचालन का आरोप लगाया गया है।
यह भी दावा किया गया है कि सप्तसागर, अलईपुर, पुराने पुल, पंचकोशी, चौकाघाट और दारानगर समेत कई स्थानों पर कथित रूप से ऑनलाइन लॉटरी का नेटवर्क सक्रिय है। आरोप है कि इन स्थानों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होता है, जिससे आसपास के लोगों में भय का माहौल बना रहता है।
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस द्वारा कार्रवाई के बाद भी संबंधित लोग अपनी गतिविधियां फिर से शुरू कर देते हैं। अधिवक्ता ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं को इस तरह की अवैध गतिविधियों से बचाया जा सके।
अधिवक्ता सतीश यादव ने चेतावनी दी है कि यदि इस संबंध में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो आमजन और अधिवक्ताओं के साथ मिलकर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
