वाराणसी: 4 साल तक दुष्कर्म और दो बार गर्भपात का आरोप, आर्केस्ट्रा संचालक के भाई पर गंभीर आरोप
वाराणसी। कछवांरोड पुलिस चौकी क्षेत्र के छतेरी गांव में आर्केस्ट्रा में डांस करने वाली एक युवती ने आर्केस्ट्रा संचालक के भाई पर शादी का झांसा देकर चार वर्षों तक दुष्कर्म करने और मतांतरण के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। युवती का दावा है कि इस दौरान आरोपी ने उसका दो बार गर्भपात भी कराया।
जानकारी के अनुसार, भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती छतेरी गांव में संचालित आर्केस्ट्रा में डांस करती थी। आरोप है कि इसी दौरान आर्केस्ट्रा संचालक के भाई ने युवती को शादी का झांसा दिया और करीब चार वर्षों तक उसके साथ दुष्कर्म किया।
युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने इस दौरान दो बार उसका गर्भपात कराया। इसके अलावा, उस पर मतांतरण करने के लिए भी दबाव बनाया गया। युवती का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए वह पुलिस अधिकारियों और थाने में कई बार प्रार्थना पत्र दे चुकी है।
वहीं, कछवांरोड चौकी प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि युवती का प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
