वाराणसी-चंदौली के लोगों के लिए जरूरी खबर, पड़ाव-रामनगर मार्ग पर दो दिन प्रभावित रहेगा यातायात
वाराणसी में पड़ाव-रामनगर मार्ग पर ब्रिज नंबर-09 के चौड़ीकरण कार्य के चलते 30 नवंबर और 1 दिसंबर को यातायात प्रभावित रहेगा। 30 नवंबर को छह घंटे सड़क बंद रहेगी, जबकि 1 दिसंबर को 24 घंटे का मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। जानिए रेलवे का काम और यातायात डायवर्जन से जुड़ी पूरी जानकारी।
वाराणसी और चंदौली के बीच पड़ाव-रामनगर मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को अगले दो दिन परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। व्यासनगर-काशी रेलवे स्टेशन के बीच स्थित ब्रिज नंबर-09 के चौड़ीकरण कार्य के चलते 30 नवंबर और 1 दिसंबर को यातायात प्रभावित रहेगा। रेलवे की ओर से 1 दिसंबर को 24 घंटे का मेगा ब्लॉक लिया जाएगा, जिसके दौरान रेल और सड़क यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।
पुल पर आरसीसी बाक्स की कास्टिंग पूरी
एडीआरएम बृजेश यादव ने बताया कि ब्रिज नंबर-09 पर आरसीसी बाक्स की कास्टिंग का काम पूरा हो चुका है। अब रेलवे ट्रैक पर प्रोटेक्शन प्लेट की लांचिंग की जानी है। इसी काम को पूरा करने के लिए 1 दिसंबर, मंगलवार को मेगा ब्लॉक लिया गया है।
इस दौरान करीब 24 घंटे तक रेल और सड़क यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। काम के लिए क्रेन, पोकलैंड और जेसीबी जैसी भारी मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा।
30 नवंबर को छह घंटे बंद रहेगा सड़क यातायात
रेलवे ने मुख्य काम से पहले मशीनों और प्रक्रिया के ट्रायल की तैयारी की है। इसके लिए 30 नवंबर, सोमवार को सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक पड़ाव-रामनगर मार्ग पर सड़क यातायात बंद रहेगा। इस तरह सोमवार को छह घंटे और मंगलवार को मेगा ब्लॉक के दौरान लोगों को इस मार्ग पर आवागमन में परेशानी होगी।
ट्रैफिक डायवर्जन के लिए भेजा गया पत्र
दोनों दिन पड़ाव-रामनगर मार्ग पर यातायात डायवर्ट करने के लिए वाराणसी कमिश्नरेट के ट्रैफिक प्रशासन और चंदौली के पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजा गया है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन की ओर से डायवर्जन प्लान लागू नहीं किया गया था। ऐसे में वाहन चालकों को प्रशासन की ओर से जारी होने वाले यातायात निर्देशों पर नजर रखनी होगी।
