वाराणसी: गणतंत्र दिवस पर महिला सशक्तिकरण थीम से सजेगी परेड, Border-2 फिल्म का विशेष प्रदर्शन
वाराणसी I पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल द्वारा आगामी गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली परेड की बुधवार को तैयारियों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने आयोजन को भव्य, अनुशासित एवं प्रेरणादायी बनाने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड की मुख्य थीम “महिला सशक्तिकरण” होगी, जिसके अंतर्गत महिला सशक्तिकरण आधारित झांकियां, महिला ब्लैक कमाण्डोज़ एवं महिला घुड़सवारों की टोलियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। परेड के माध्यम से समाज को एक सशक्त, सकारात्मक एवं प्रेरणादायी संदेश देने पर विशेष बल दिया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने परेड में सम्मिलित विभिन्न टोलियों की ड्रिल, अनुशासन, टर्न-आउट एवं आचरण का गहन परीक्षण किया और उच्चतम मानकों के अनुरूप इनके कड़ाई से अनुपालन के निर्देश दिए। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देशभक्ति एवं महिला सशक्तिकरण आधारित प्रस्तुति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिसमें नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रभावशाली संदेश दिया जाएगा।
महिला पुलिसकर्मियों के उत्साहवर्धन हेतु 26 जनवरी 2026 को सायंकाल 07:00 बजे “Border-2” फिल्म का विशेष प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त परेड कमाण्डर, महिला शक्ति केन्द्र की प्रभारी महिला उप निरीक्षक एवं वर्ष में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों के सम्मान में पुलिस आयुक्त के आवास पर सायं 04:00 बजे सम्मान भोज का आयोजन किया जाएगा।
पुलिस आयुक्त द्वारा पुलिस लाइन परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था, नवनिर्मित म्यूजियम, निर्माण कार्यों, आवासीय क्षेत्र की स्वच्छता तथा समग्र सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। उन्होंने प्रवेश-निकास नियंत्रण, सीसीटीवी निगरानी, प्रकाश व्यवस्था एवं सुरक्षा ड्यूटी को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही नवनिर्मित म्यूजियम की संरक्षा, रख-रखाव एवं आमजन हेतु आकर्षक प्रस्तुतीकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त लाइन प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त लाइन वैभव बांगर, अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध नम्रता श्रीवास्तव, अपर पुलिस उपायुक्त/सहायक पुलिस आयुक्त लाइन डॉ. ईशान सोनी, ACP (U/T) मानसी दहिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे I
