वाराणसी : नदेसर PCF प्लाजा में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, दुकानदारों को करोड़ों का नुकसान
वाराणसी के नदेसर स्थित PCF प्लाजा में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई, जिससे करीब एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। इलेक्ट्रॉनिक सामान की कई दुकानें जलकर राख हो गईं। फायर ब्रिगेड ने दो घंटे में आग पर काबू पाया। बिल्डिंग में खुले तार और सुरक्षा में लापरवाही सामने आई।
वाराणसी: शहर के नदेसर स्थित पीसीएफ प्लाजा में सोमवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग इतनी तेजी फैली कि कई दुकानदार अपनी दुकानें छोड़कर जान बचाकर बाहर भागे।
आग ग्राउंड फ्लोर की गैलरी में लगी, जहां करीब एक दर्जन दुकानें संचालित हो रही थीं। इन दुकानों में कंप्यूटर, लैपटॉप, वायरिंग, अर्थिंग और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का सामान रखा था, जो देखते ही देखते जलकर राख हो गया। दुकानदारों के अनुसार इस हादसे में लगभग एक करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और लगातार दो घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया। चेतगंज फायर स्टेशन प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि एक दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसे समय रहते बुझा लिया गया।
बिल्डिंग में सुरक्षा मानकों की भारी अनदेखी
पीसीएफ प्लाजा एक तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत है, जिसमें 100 से अधिक दुकानें और कार्यालय संचालित होते हैं। दूसरी मंजिल पर उपभोक्ता विवाद निवारण फोरम का कार्यालय भी स्थित है।
इसके बावजूद यहां सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई है। ग्राउंड फ्लोर पर जगह-जगह पुराने और खुले बिजली के तार लटकते दिखाई दिए, जो कटे-फटे हालत में थे। तारों का जाल इस हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।
CCTV के लिए रातभर चालू रहती है बिजली
दुकानदारों के अनुसार, सुरक्षा के लिए अधिकांश दुकानों में CCTV कैमरे लगाए गए हैं, जिन्हें चालू रखने के लिए रात में भी बिजली सप्लाई जारी रहती है। आशंका जताई जा रही है कि लगातार बिजली चालू रहने से शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भड़क गई।
दुकानदारों का भारी नुकसान
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि आग की लपटों और धुएं से पूरी इमारत प्रभावित हुई। एक दुकानदार गोविंद यादव ने बताया कि उनकी दुकान में रखा पूरा सामान जलकर खत्म हो गया। वहीं, पहली मंजिल पर काम करने वाले राम बाबू ने बताया कि आग के दौरान पूरी बिल्डिंग में धुआं भर गया था, जिससे स्थिति बेहद भयावह हो गई थी।
