Movie prime

वाराणसी वालों सावधान! 29-30 अक्टूबर को भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट, बढ़ेगी ठंड

 
UP Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

 

 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में 29 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश, गरज-चमक और आंधी-तूफान की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की चेतावनी के मद्देनजर प्रशासन ने जनपदवासियों से सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

प्रशासन के मुताबिक, प्रतिकूल मौसम के दौरान तेज हवाओं, आकाशीय बिजली, जलभराव, पेड़ और बिजली के खंभे गिरने जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।

जर्जर मकानों में रहने वाले लोग रहें सतर्क

जिला प्रशासन ने खासतौर पर जर्जर मकानों, कमजोर दीवारों, क्षतिग्रस्त छतों और अस्थायी टिनशेड में रहने वाले परिवारों को सावधान किया है। ऐसे भवन तेज हवाओं और भारी बारिश के दौरान खतरनाक साबित हो सकते हैं। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों से समय रहते सुरक्षित और मजबूत भवनों में जाने की अपील की है।

बच्चों, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और बीमार व्यक्तियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को भी कहा गया है।

आंधी-तूफान के दौरान इन बातों का रखें ध्यान

प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि मौसम खराब होने पर पक्के और सुरक्षित भवनों के अंदर रहें। खिड़कियों, बालकनी और कांच के दरवाजों से दूरी बनाए रखें। तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों, होर्डिंग्स और कमजोर दीवारों के पास खड़े होने से बचें।

गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान खुले मैदान, खेत, छत, तालाब और नदी के आसपास जाने से बचें। पेड़ों के नीचे शरण लेना भी खतरनाक हो सकता है। भारी बारिश के दौरान जलभराव वाली सड़कों, नालों और अंडरपास से गुजरने से बचने की अपील की गई है।

यदि कहीं बिजली का तार टूटकर गिरा दिखाई दे, तो उसे छूने या हटाने की कोशिश न करें। ऐसी स्थिति में संबंधित विभाग को सूचना दें और उस स्थान से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

किसानों और नाविकों के लिए भी एडवाइजरी

संभावित खराब मौसम को देखते हुए किसानों को खेतों में काम करते समय सावधानी बरतने और कटी हुई फसल को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक इंतजाम करने की सलाह दी गई है। आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान खुले खेतों में काम करने से बचने को कहा गया है।

पशुपालकों से भी अपने पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की अपील की गई है। वहीं, नाविकों और नदी के आसपास रहने वाले लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

जरूरी सामान तैयार रखें, अफवाहों से बचें

जिला प्रशासन ने लोगों से घर में टॉर्च, पीने का पानी, जरूरी दवाएं, प्राथमिक उपचार सामग्री और चार्ज मोबाइल फोन रखने की अपील की है। लोगों को मौसम से जुड़ी जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त करने और सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों पर विश्वास नहीं करने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिकूल मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और यदि किसी क्षेत्र में आवागमन को लेकर प्रतिबंध लगाए जाते हैं, तो उनका पालन करें।

जिला प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन, वाराणसी ने जनपदवासियों से आगामी दिनों में सतर्क रहने और अपने परिवार के साथ आसपास के लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभाग को तत्काल सूचना देने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

प्रशासन के अनुसार, समय रहते सावधानी बरतने और सतर्क रहने से संभावित दुर्घटनाओं एवं जनहानि के जोखिम को कम किया जा सकता है।