वाराणसी: कालिया गली में सीवर ओवरफ्लो से परेशान लोग, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने किया मौके पर निरीक्षण
Varanasi : काशी के अगस्तकुंडा क्षेत्र की कालिया गली में लंबे समय से चली आ रही सीवर की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों की शिकायत पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। क्षेत्र में थोड़ी सी बारिश के बाद होने वाले जलभराव और सीवर ओवरफ्लो की समस्या से स्थानीय नागरिक परेशान हैं।
नगर आयुक्त के साथ क्षेत्रीय सभासद विजय द्विवेदी के अलावा नगर निगम और जलकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने गलियों और सीवर व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए स्थानीय लोगों से समस्या की जानकारी ली।

थोड़ी बारिश में घुटनों तक भर जाता है पानी
स्थानीय निवासियों ने बताया कि क्षेत्र में सीवर व्यवस्था लंबे समय से प्रभावित है। बारिश होते ही सीवर ओवरफ्लो होने लगता है और गलियों में पानी जमा हो जाता है। लोगों के मुताबिक, कई बार स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि गलियों में घुटनों तक पानी भर जाता है, जिससे आवागमन में परेशानी होती है।

गोबर सीवर में बहाने का लगाया आरोप
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने अधिकारियों के सामने समस्या की एक प्रमुख वजह भी बताई। नागरिकों का आरोप है कि क्षेत्र में कुछ लोग अवैध रूप से गाय-भैंस रखते हैं और मवेशियों का गोबर सीधे सीवर लाइन में बहा देते हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, गोबर सीवर लाइन में जमा होने के कारण नालियां और सीवर लाइन चोक हो जाती हैं। इसके बाद थोड़ी सी बारिश होने पर पानी की निकासी बाधित हो जाती है और गलियों में जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है।

नगर आयुक्त ने लिया जमीनी हालात का जायजा
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मौके पर सीवर व्यवस्था और जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर निगम एवं जलकल विभाग के अधिकारियों ने भी क्षेत्र की समस्याओं को समझा।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नगर आयुक्त के निरीक्षण के बाद सीवर जाम और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई होगी। वहीं, मवेशियों का गोबर सीवर में बहाए जाने के आरोपों को लेकर भी कार्रवाई की मांग की गई है।
सीवर जाम और जलभराव की समस्या के समाधान को लेकर नगर निगम वाराणसी पूरी तरह गंभीर और प्रतिबद्ध है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जंगमवाड़ी वार्ड की कालिया गली, हनुमान गली, पातालेश्वर गली, खालिसपुरा सहित विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को सीवर समस्या के तत्काल एवं स्थायी समाधान के लिए सख्त निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम तथा मच्छरों के प्रकोप से बचाव हेतु एंटी-लार्वा छिड़काव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वच्छ, स्वस्थ और जलभराव मुक्त वाराणसी के संकल्प के साथ नगर निगम की टीमें जनसुविधा के लिए लगातार तत्पर हैं।
— नगर निगम वाराणसी Nagar Nigam Varanasi (@nagarnigamvns) September 10, 2026
