Movie prime

वाराणसी: सारनाथ में आरटीओ तिराहे पर सड़क हादसा, बसों की टक्कर में तीर्थयात्री घायल, दो की हालत गंभीर

वाराणसी के सारनाथ में रविवार तड़के दो बसों की टक्कर में मध्य प्रदेश से आए धार्मिक पर्यटकों समेत कई लोग घायल हो गए। हादसा पुराने आरटीओ तिराहे के पास हुआ। दो घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। सारनाथ के पुराने आरटीओ तिराहे के पास रविवार तड़के दो बसों की आमने-सामने टक्कर में कई लोग घायल हो गए। हादसे में मध्य प्रदेश से आए धार्मिक पर्यटकों समेत बस चालक और परिचालक को चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


जानकारी के मुताबिक, कानपुर से गाजीपुर जा रही अनुबंधित जनरथ बस रविवार सुबह करीब 5:20 बजे सारनाथ स्थित पुराने आरटीओ कार्यालय तिराहे के पास पहुंची थी। इसी दौरान केंद्रीय उच्च तिब्बती संस्थान मार्ग स्थित होटल लोटस से 50 धार्मिक पर्यटकों को लेकर कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 9 की ओर जा रही दूसरी बस से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बसों में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

मध्य प्रदेश से आए श्रद्धालु हुए घायल

हादसे में मध्य प्रदेश के नेवाड़ी जिले के रहने वाले 69 वर्षीय दुर्गा प्रसाद कुम्हार, उनकी पत्नी 65 वर्षीय भगवती देवी, 32 वर्षीय दीप्ति जैन, 52 वर्षीय किशोरी देवी, 55 वर्षीय रत्नेश गोंड और बस चालक प्रियकेश मिश्रा घायल हो गए।

घायलों को तत्काल पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश लोगों को छुट्टी दे दी गई, जबकि दुर्गा प्रसाद कुम्हार और चालक प्रियकेश मिश्रा की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जनरथ बस के परिचालक को भी लगी चोट

दूसरी ओर, कानपुर से गाजीपुर जा रही अनुबंधित जनरथ बस के परिचालक 52 वर्षीय नवनीत मिश्रा भी हादसे में घायल हुए। हालांकि उन्हें मामूली चोटें आईं। बस में सवार करीब 15 यात्रियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।

मुख्य तीर्थ योजना के तहत काशी आया था दल

बताया गया कि मध्य प्रदेश सरकार की मुख्य तीर्थ योजना के तहत नेवाड़ी जिले से 50 श्रद्धालुओं का दल 5 जून को काशी भ्रमण पर आया था। सभी श्रद्धालु सारनाथ के तिब्बती संस्थान मार्ग स्थित होटल लोटस में ठहरे हुए थे।

रविवार सुबह यह दल वाराणसी रेलवे स्टेशन से अयोध्या जाने के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। घायल दुर्गा प्रसाद कुम्हार ने बताया कि वे सरकारी तीर्थ योजना के तहत काशी दर्शन के लिए आए थे और सुबह ट्रेन पकड़ने जा रहे थे।

पुलिस ने दोनों बसों को कब्जे में लिया

सारनाथ पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को अस्पताल भेजने के बाद दोनों क्षतिग्रस्त बसों को कब्जे में ले लिया गया है। उपनिरीक्षक संदीप शर्मा ने बताया कि दो बसों के बीच टक्कर हुई थी। अधिकांश घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।