Movie prime

मुहर्रम और NEET-2026 को लेकर वाराणसी पुलिस अलर्ट, संवेदनशील स्थलों की ड्रोन निगरानी और रात्रि गश्त के निर्देश

 
मुहर्रम और NEET-2026 को लेकर वाराणसी पुलिस अलर्ट, संवेदनशील स्थलों की ड्रोन निगरानी और रात्रि गश्त के निर्देश
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Varanasi : पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने गुरुवार को कैंप कार्यालय में राजपत्रित अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, समयबद्ध विवेचना तथा आगामी मुहर्रम पर्व एवं नीट परीक्षा-2026 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

समयबद्ध विवेचना और अपराध नियंत्रण पर जोर

बैठक में पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिया कि सामान्य अपराधों की विवेचना 60 दिनों तथा जघन्य अपराधों की विवेचना 90 दिनों के भीतर हर हाल में पूरी की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

एससी-एसटी, दहेज हत्या, गैंगस्टर एक्ट और एसआर मामलों को प्राथमिकता पर लेते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके साथ ही डीसीपी स्तर पर साप्ताहिक समीक्षा अनिवार्य करने, जोनवार विवेचनाओं की निगरानी करने तथा लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष बल दिया गया।

रात्रि गश्त और अपराधियों पर सख्ती

पुलिस आयुक्त ने रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी जरूरी है। उन्होंने चिन्हित एवं पेशेवर अपराधियों पर NSA, गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई करने को भी कहा।

मुहर्रम पर्व को लेकर विशेष तैयारियां

आगामी मुहर्रम पर्व के दृष्टिगत पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों का स्वयं निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जुलूस मार्गों, ड्यूटी प्वाइंट्स और तैनात बल की जानकारी रखने को कहा।

संवेदनशील क्षेत्रों में रूफटॉप ड्यूटी और ड्रोन निगरानी अनिवार्य करने तथा अतिक्रमण हटाने एवं त्योहार रजिस्टर का सत्यापन करने के भी निर्देश दिए गए।

नीट परीक्षा-2026 को लेकर सतर्कता के निर्देश

नीट परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष आयोजन के लिए पुलिस आयुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सोशल मीडिया की सतत निगरानी, अफवाहों पर त्वरित कार्रवाई और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में रहे वरिष्ठ अधिकारी मौजूद

बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी, पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू सहित सभी राजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे।