Movie prime

वाराणसी: चौबेपुर थाना प्रभारी लाइन हाजिर, जानिए किसे मिली नई जिम्मेदारी, सावन और कांवड़ यात्रा को लेकर हाई अलर्ट

वाराणसी में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने अपराध समीक्षा बैठक में बड़ा एक्शन लेते हुए चौबेपुर थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया। खनन में पैसे लेने के आरोप और विवेचना में लापरवाही पर कार्रवाई हुई। सावन, साइबर अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए।

 
वाराणसी
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी: सावन और कांवड़ यात्रा से पहले वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा प्रशासनिक एक्शन देखने को मिला। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अपराध समीक्षा बैठक में विवेचना में लापरवाही और खनन में अवैध वसूली के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए चौबेपुर थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सोनकर को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही कई थानों में प्रभारियों का फेरबदल करते हुए पुलिस व्यवस्था को और अधिक सक्रिय बनाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जंसा थानाध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा को चौबेपुर थाना प्रभारी नियुक्त किया गया, जबकि पीआरओ सत्यजीत सिंह को जंसा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

अपराध नियंत्रण और साइबर फ्रॉड पर विशेष फोकस

पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए धोखाधड़ी में इस्तेमाल होने वाले मोबाइल नंबरों, 'म्यूल' बैंक खातों और साइबर अपराध के नेटवर्क पर तेजी से कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी विवेचनाओं का 60 या 90 दिन की समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने ई-साक्ष्य और ई-समन की 100 प्रतिशत अनुपालना, संगठित अपराधियों और गैंगस्टर प्रवृत्ति के अपराधियों पर कड़ी निगरानी तथा अपराध से अर्जित संपत्तियों की जब्ती की कार्रवाई तेज करने के निर्देश भी दिए।

स्कूल-कॉलेजों के आसपास चलेगा एंटी रोमियो अभियान

बैठक में महिला सुरक्षा को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। पुलिस आयुक्त ने सभी थाना प्रभारियों को स्कूल और कॉलेजों के आसपास नियमित एंटी रोमियो अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही गुमशुदगी के मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर प्रभावी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी।

सावन और कांवड़ यात्रा के लिए हाई अलर्ट

सावन माह को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर समेत 10 प्रमुख मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की लाइन व्यवस्था, बिजली, पेयजल, पार्किंग, प्रवेश-निकास मार्ग, सीसीटीवी निगरानी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

इसके अलावा कांवड़ मार्गों और प्रमुख घाटों पर ड्रोन निगरानी, पुलिस सहायता केंद्र, भीड़ प्रबंधन और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी जारी किए गए।

ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने पर भी जोर

अपराध समीक्षा बैठक में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। पुलिस आयुक्त ने चिह्नित 10 प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखने, अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज करने और यात्रा समय में 25 प्रतिशत तक कमी लाने का लक्ष्य तय किया। उन्होंने गलत दिशा में वाहन चलाने, अवैध पार्किंग और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।