वाराणसी: पुलिस पेंशनर्स की फाइल दो सप्ताह से ज्यादा नहीं रहेगी लंबित- पुलिस कमिश्रर
वाराणसी पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने 80 वर्ष से अधिक उम्र के पुलिस पेंशनर्स को सम्मानित किया। 100 वर्षीय राम नारायण को खुद जाकर सम्मान दिया। इस दौरान उन्होंने मेडिकल प्रतिपूर्ति बिल समेत पेंशनर्स की फाइलों को दो सप्ताह से अधिक लंबित नहीं रखने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
वाराणसी: पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने मंगलवार को सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान 80 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पुलिस पेंशनर्स को अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। वहीं, 100 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके वरिष्ठ पेंशनर राम नारायण को सम्मानित करने के लिए पुलिस कमिश्नर खुद उनके पास पहुंचे। बैठक में उन्होंने मेडिकल प्रतिपूर्ति बिल समेत पेंशनर्स से जुड़ी फाइलों को दो सप्ताह से अधिक लंबित नहीं रखने का निर्देश दिया।
100 वर्षीय राम नारायण को खुद जाकर किया सम्मानित
यातायात पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित गोष्ठी में पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी शामिल हुए। पुलिस कमिश्नर ने 80 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पेंशनर्स को अंगवस्त्र और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान वरिष्ठ पेंशनर राम नारायण, जो 100 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं, उन्हें सम्मानित करने के लिए मोहित अग्रवाल स्वयं उनके पास पहुंचे।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि वरिष्ठ पेंशनर्स को अपने हाथों से सम्मानित करना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।
सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी विभाग की अमूल्य धरोहर
मोहित अग्रवाल ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को पुलिस विभाग की अमूल्य धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि उनके अनुभव, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की बदौलत आज पुलिस विभाग इस मुकाम तक पहुंचा है। वर्तमान समय में करीब 90 प्रतिशत पुलिसिंग तकनीक आधारित हो चुकी है, लेकिन सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के अनुभव का महत्व हमेशा बना रहेगा।
मेडिकल बिल की फाइल दो सप्ताह से ज्यादा लंबित न रहे
गोष्ठी के दौरान पुलिस कमिश्नर ने पेंशनर्स की समस्याएं सुनीं। इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेडिकल प्रतिपूर्ति बिल सहित किसी भी फाइल को पुलिस स्तर पर दो सप्ताह से अधिक समय तक लंबित न रखा जाए। उन्होंने पेंशनर्स से जुड़े मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया।
बैठक में पुलिस पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त डिप्टी एसपी सूर्यबली सिंह ने आभार जताया। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीसीपी मुख्यालय विनीत भटनागर और एडीसीपी मुख्यालय जंगबहादुर यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
