वाराणसी कमिश्नरेट में धूमधाम से खेली गई होली, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने दी शुभकामनाएं
वाराणसी। होली पर्व को जनपद में शांतिपूर्ण एवं सकुशल सम्पन्न कराने के बाद कमिश्नरेट वाराणसी में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हर्षोल्लास के साथ होली मनाई। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस लाइन और पुलिस आयुक्त आवास पर पारंपरिक तरीके से होली उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें सभी अधिकारी और कर्मचारी रंग, अबीर और गुलाल में सराबोर नजर आए।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम, सौहार्द्र और भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान संगीत, लोकगीत और नृत्य का आकर्षक संगम देखने को मिला, जिसमें पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर माहौल को उल्लासपूर्ण बना दिया।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने इस मौके पर होली के दौरान जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक पर्व है, जो समाज में आपसी सद्भाव और एकता को मजबूत करने का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि कमिश्नरेट वाराणसी के पुलिसकर्मियों ने जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए जनपद में होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस अवसर पर उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
