Movie prime

वाराणसी में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस आयुक्त सख्त, अतिक्रमण-अवैध पार्किंग पर कार्रवाई के निर्देश

 
वाराणसी में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस आयुक्त सख्त, अतिक्रमण-अवैध पार्किंग पर कार्रवाई के निर्देश
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

 

Varanasi : पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने गुरुवार को शहर क्षेत्र का भ्रमण कर यातायात व्यवस्था और पुलिस प्रबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रमुख चौराहों, मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाम, अतिक्रमण और सड़क किनारे अनियमित पार्किंग की स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस आयुक्त ने यातायात व्यवस्था को सुचारु और निर्बाध बनाए रखने के लिए यातायात पुलिसकर्मियों को अपने निर्धारित प्वाइंट पर सतर्कतापूर्वक ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही, यातायात के दबाव के अनुसार आवश्यक पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

v

अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई के निर्देश

पुलिस आयुक्त ने प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में सड़क एवं फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को यातायात व्यवस्था में बाधक बताते हुए इसके खिलाफ प्रभावी और निरंतर कार्रवाई के निर्देश दिए। स्थानीय पुलिस, यातायात पुलिस और संबंधित विभागों के समन्वय से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके अलावा नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों और अनियमित पार्किंग के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

v

गलत दिशा और रेड लाइट उल्लंघन पर भी सख्ती

यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से गलत दिशा में वाहन चलाने, नो-पार्किंग, रेड लाइट का उल्लंघन और अन्य ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

अधिक यातायात दबाव वाले चौराहों और मार्गों पर पुलिस एवं यातायात कर्मियों की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। किसी भी स्थान पर जाम या यातायात बाधित होने की स्थिति में संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात सामान्य कराने को कहा गया, ताकि संचालन में अनावश्यक देरी न हो।

v

आमजन और पर्यटकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि यातायात व्यवस्था में सुधार एक सतत प्रक्रिया है। अतिक्रमण, अवैध पार्किंग एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध नियमित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की यातायात समस्या पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आमजन को सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात व्यवस्था ऐसी हो, जिससे स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों के साथ-साथ वाराणसी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन में न्यूनतम असुविधा हो। इसके लिए यातायात पुलिस, स्थानीय पुलिस और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

v