वाराणसी: मिशन शक्ति केंद्रों की समीक्षा में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल सख्त, महिला अपराधों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई के निर्देश
वाराणसी I पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने गुरुवार को कैम्प कार्यालय में सभी थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस गोष्ठी में महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण तथा पीड़ित महिलाओं को त्वरित सहायता प्रदान करने से जुड़े सभी पहलुओं का गहन मूल्यांकन किया गया।
पुलिस आयुक्त ने महिला अपराध से जुड़े गंभीर एवं पुनरावृत्त मामलों में आरोपियों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसे मामलों में किसी भी ढिलाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि मिशन शक्ति केंद्रों पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों में अब तक 307 प्रकरणों में काउंसलिंग के माध्यम से परिवारों को पुनः मिलाया गया है, जो एक सराहनीय उपलब्धि है। विगत माह में केंद्रों द्वारा 103 शोहदों को गिरफ्तार कर बीएनएसएस की धारा 126, 135 एवं 170 के तहत कार्रवाई की गई।
जन जागरूकता अभियान के अंतर्गत 1,026 स्थानों पर लगभग 24,893 महिलाओं, छात्राओं एवं अन्य नागरिकों को जागरूक किया गया। पुलिस आयुक्त ने एंटी रोमियो टीमों द्वारा संवेदनशील स्थानों पर गश्त, हॉटस्पॉट्स की पहचान एवं कार्रवाई की प्रभावशीलता बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने लंबित शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता एवं समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने का आदेश दिया। साथ ही, जन जागरूकता अभियानों को स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, बाजार एवं सार्वजनिक स्थानों पर और व्यापक रूप से चलाने पर बल दिया।
मिशन शक्ति केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्रांतर्गत स्थित विद्यालयों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों एवं महिला प्रशिक्षण केंद्रों में नियमित रूप से सीसीटीवी कैमरों की जांच करते रहें। सभी थानों को केंद्रों की कार्यप्रणाली को और मजबूत करने तथा पीड़ित महिलाओं को तत्काल सहायता, काउंसलिंग एवं कानूनी सहयोग उपलब्ध कराने के लिए कहा गया। समीक्षा गोष्ठी में अपर पुलिस उपायुक्त (महिला अपराध) नम्रिता श्रीवास्तव एवं प्रत्येक थाने के मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी उपस्थित रहे।
