Movie prime

वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने CM डैशबोर्ड रैंकिंग में हासिल किया चौथा स्थान

 
 वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने CM डैशबोर्ड रैंकिंग में हासिल किया चौथा स्थान
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी I मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की जनवरी 2026 माह की जारी रैंकिंग में वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने उत्तर प्रदेश स्तर पर चतुर्थ स्थान प्राप्त कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पिछले छह महीनों से वाराणसी लगातार प्रदेश के टॉप 10 जनपदों में शामिल बना हुआ है, जो इसकी निरंतर बेहतरी को दर्शाता है।

बता दें कि वर्ष 2023 और 2024 में वाराणसी पुलिस प्रदर्शन के मामले में प्रदेश के अंतिम 10 जिलों में शुमार होता था, लेकिन अब इसमें उल्लेखनीय सुधार देखा जा रहा है।

यह रैंकिंग कुल 51 पैरामीटर पर आधारित है, जिनमें प्रमुख रूप से अपराध नियंत्रण, विवेचना का निस्तारण, पुरस्कार घोषित एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, डायल 112 का रिस्पांस टाइम, गो तस्करी पर कार्रवाई, एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई, महिला अपराधों में त्वरित हस्तक्षेप आदि शामिल हैं। वाराणसी पुलिस ने इन सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में साप्ताहिक समीक्षा बैठकें और प्रभावी मॉनिटरिंग सिस्टम शुरू किया गया था। इसी के परिणामस्वरूप पुलिस की कार्यप्रणाली में सुधार आया और कमिश्नरेट ने यह उपलब्धि हासिल की। पुलिस आयुक्त ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता समर्पित कार्य और निरंतर निगरानी का नतीजा है।