बिना नंबर प्लेट और ट्रिपल राइडिंग वालों पर चला वाराणसी पुलिस का डंडा, 1082 वाहनों का चालान, 142 गाड़ियां सीज
वाराणसी पुलिस ने अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए बड़ा चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान 1082 वाहनों का चालान, 142 वाहन सीज और 31 गाड़ियों से काली फिल्म हटाई गई। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने खुद सड़कों पर उतरकर अभियान का निरीक्षण किया।
वाराणसी: पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी की ओर से बुधवार को व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में शहर के प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, मुख्य मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीमों ने सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन चेकिंग की गई, वहीं ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की गई।
1082 वाहनों का चालान, 142 गाड़ियां सीज
अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट वाले वाहन, तीन सवारी बैठाकर चलने वाले दोपहिया वाहन, काली फिल्म लगी गाड़ियां, रॉन्ग साइड वाहन चलाने वाले और तेज रफ्तार में लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान कुल 1082 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 142 वाहनों को सीज कर दिया गया। इसके अलावा 31 वाहनों से नियमों के तहत काली फिल्म उतरवाई गई।
साथ ही सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों पर भी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान एक लावारिस वाहन को भी सीज किया गया।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने खुद संभाला मोर्चा
अभियान के दौरान पुलिस कमिश्नर महोत अग्रवाल स्वयं शहर में भ्रमण करते नजर आए। उन्होंने पहड़िया और जेएचवी मॉल इलाके में चल रही चेकिंग व्यवस्था का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद अधिकारियों व पुलिसकर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी करना और आमजन को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
नवागत आरक्षियों को दिया गया व्यवहारिक प्रशिक्षण
चेकिंग अभियान के दौरान नवागत आरक्षियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। पुलिस आयुक्त ने जवानों को बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सुरक्षित एवं प्रभावी तरीके से जांच कैसे की जाए।
उन्होंने चेकिंग के दौरान सतर्कता, कानून सम्मत कार्रवाई और आम नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ लोगों में सुरक्षा और भरोसे की भावना मजबूत करना भी पुलिस की प्राथमिकता है।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी
शहर के संवेदनशील इलाकों, बाजारों और व्यस्त मार्गों पर पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई थी। अभियान के दौरान कई संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गतिविधियों का सत्यापन भी किया गया, जिससे संभावित आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आगे भी इसी तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि शहर में कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
