वाराणसी पुलिस लाइन में 11 मंजिला आधुनिक भवन का निर्माण, पुलिसकर्मियों को मिलेंगे 2 बीएचके फ्लैट्स
वाराणसी। पुलिसकर्मियों की आवासीय समस्या के समाधान की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए वाराणसी पुलिस लाइन में 11 मंजिला आधुनिक मल्टी-स्टोरी आवासीय भवन का निर्माण किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत कुल 192 टाइप-2 (2 बीएचके) फ्लैट तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें पुलिसकर्मी अपने परिवार के साथ बेहतर और सुविधाजनक जीवन यापन कर सकेंगे।
करीब 22,836 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित हो रही इस परियोजना की लागत लगभग 2674.64 लाख रुपये बताई जा रही है। यह पहल उत्तर प्रदेश सरकार की पुलिस बल के कल्याण और जीवन स्तर सुधारने की नीति का हिस्सा है।
इस परियोजना में पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा गया है। परिसर में हरियाली को बढ़ावा देने के साथ-साथ जल संरक्षण और स्वच्छता के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) भी स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा 192 वाहनों की पार्किंग व्यवस्था और निर्बाध जल आपूर्ति के लिए अपना ट्यूबवेल भी बनाया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, इस आधुनिक आवासीय परिसर से पुलिसकर्मियों की जीवन गुणवत्ता में सुधार होगा, जिससे उनका मनोबल बढ़ेगा और पुलिसिंग व्यवस्था भी और अधिक मजबूत होगी।
इस संबंध में पुलिस आयुक्त वाराणसी मोहित अग्रवाल ने बताया कि यह परियोजना पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की लंबे समय से चली आ रही आवासीय समस्या को दूर करने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
